तपोवन में सत्ता पक्ष और विपक्ष के बीच चार दिन तक चला सियासी संग्राम, भ्रष्टाचार के मुद्दे पर खूब हुई तकरार
एप्पल न्यूज़, धर्मशाला
तपोवन में हिमाचल प्रदेश की चौदहवीं विधानसभा का 13वां शीतकालीन सत्र छह दिन की कार्यवाही के बाद शनिवार को संपन्न हो गया। 16 से 21 नवंबर तक चले इस सत्र में जहां सरकार ने 13 सरकारी विधेयक पारित करवाकर अपना विधायी एजेंडा आगे बढ़ाया, वहीं विपक्ष ने भ्रष्टाचार, सरकारी संपत्तियों, जमीनों से जुड़े मामलों, प्रदेश की आर्थिक स्थिति और सरकार की कार्यप्रणाली को लेकर सत्ता पक्ष को घेरने में कोई कसर नहीं छोड़ी। सत्र के दौरान सबसे अधिक राजनीतिक गर्माहट भ्रष्टाचार के आरोपों पर नियम-67 के तहत हुई चार दिवसीय चर्चा में देखने को मिली। इस दौरान मुख्यमंत्री सुखविंद्र सिंह सुक्खू और नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर कई बार आमने-सामने आए।
विधानसभा अध्यक्ष कुलदीप सिंह पठानिया के अनुसार छह बैठकों के दौरान सदन की उत्पादकता 80 प्रतिशत रही। सत्र में कुल 24 घंटे 15 मिनट तक कार्यवाही चली। इस दौरान विधायकों की ओर से उठाए गए 366 सवालों के जवाब दिए गए। इनमें 242 तारांकित और 124 अतारांकित प्रश्न शामिल रहे। इसके अतिरिक्त 13 सरकारी विधेयक चर्चा के बाद पारित किए गए तथा विधानसभा की विभिन्न समितियों की 10 रिपोर्टें भी सदन में प्रस्तुत की गईं।
हालांकि, 19 नवंबर को निर्धारित गैर-सरकारी सदस्य दिवस पर नियम-101 के तहत प्रस्तुत तीन संकल्प समय के अभाव में चर्चा के लिए नहीं लिए जा सके। ऐसे में सत्र में विधायी कामकाज और सवालों के जवाब देने के लिहाज से उपलब्धि रही, लेकिन निजी सदस्यों के प्रस्तावों पर चर्चा नहीं हो पाना एक अधूरा पक्ष भी रहा।
चार दिन तक भ्रष्टाचार के मुद्दे पर तकरार
सत्र के दूसरे दिन भाजपा ने नियम-67 के तहत भ्रष्टाचार के आरोपों पर काम रोको प्रस्ताव लाकर सरकार को घेरा। विपक्ष ने हिमाचल ऑन सेल का मुद्दा उठाते हुए सरकारी संपत्तियों को निजी हाथों में सौंपे जाने की आशंका जताई। नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर ने पीटरहॉफ, तपोवन विधानसभा भवन, बद्दी मेडिकल डिवाइस पार्क की जमीन और अन्य संपत्ति मामलों को लेकर सरकार से जवाब मांगा। इस दौरान उप मुख्यमंत्री मुकेश अग्निहोत्री के साथ उनकी तीखी नोकझोंक भी हुई। उप मुख्यमंत्री ने विपक्ष से अपने आरोपों के समर्थन में दस्तावेज प्रस्तुत करने को कहा।
13 विधेयकों पर सदन में हुई चर्चा
सत्र के चौथे दिन मुख्यमंत्री के आग्रह पर विपक्ष ने 13 सरकारी विधेयकों को सदन में प्रस्तुत करने पर सहमति जताई। इन विधेयकों में पंचायती राज, नगरपालिका, नगर निगम, तकनीकी विश्वविद्यालय, सरकारी सेवाओं में अर्हक अनुभव एवं पदोन्नति विनियमन, सुखाश्रय योजना के तहत महिलाओं और चिल्ड्रन ऑफ द स्टेट की सामाजिक सुरक्षा, निवेश प्रोत्साहन एवं सरलीकरण, खादी एवं ग्रामोद्योग बोर्ड, जन विश्वास, भूमि अधिग्रहण तथा भू-राजस्व से संबंधित विधेयक शामिल रहे। इसके अलावा शिमला की सड़कों पर राहगीरों की लोक सुरक्षा एवं सुविधा से संबंधित संशोधन विधेयक भी पारित किया गया।
मुख्यमंत्री सुक्खू ने विपक्ष को दी जांच की चुनौती
नियम-67 के तहत भ्रष्टाचार के आरोपों पर चार दिन तक चली चर्चा में सत्ता पक्ष और विपक्ष के 15-15 सदस्यों सहित कुल 30 विधायकों ने हिस्सा लिया। इस मुद्दे पर सदन में कुल 12 घंटे 11 मिनट तक बहस हुई। मुख्यमंत्री सुखविंद्र सिंह सुक्खू ने विपक्ष के आरोपों का करीब एक घंटा 20 मिनट तक जवाब दिया। उन्होंने स्पष्ट किया कि यदि विपक्ष तथ्यों और दस्तावेजों के साथ आरोप प्रस्तुत करता है तो सरकार जांच करवाने और कार्रवाई करने के लिए तैयार है।
मुख्यमंत्री ने विपक्ष पर पलटवार करते हुए सरकार का पक्ष रखा, जबकि विपक्ष ने भी लगातार नारेबाजी कर अपना विरोध दर्ज करवाया। इस दौरान विपक्ष के सदस्य करीब 55 मिनट तक सभामंडप यानी बेल में नारेबाजी करते रहे और बाद में सदन से वॉकआउट भी किया। इस तरह शीतकालीन सत्र विधायी कामकाज के साथ-साथ सत्ता पक्ष और विपक्ष के बीच तीखे राजनीतिक टकराव के लिए भी चर्चा में रहा।







