file_0000000041688207ba39fa13793d26ef
previous arrow
next arrow
IMG-20261121-WA0013
previous arrow
next arrow

हिमाचल- 4 साल में 7,950 NDPS मामले दर्ज, 92 करोड़ की अवैध संपत्तियां जब्त, नशे के खिलाफ सभी वर्गों का सहयोग आवश्यक- मुख्यमंत्री

IMG_20261107_092748
previous arrow
next arrow

एप्पल न्यूज़, शिमला

मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविन्द्र सिंह सुक्खू के नेतृत्व में प्रदेश सरकार राज्य से चिट्टे सहित सभी प्रकार के मादक पदार्थों का समूल नाश करने के लिए प्रतिबद्धता से कार्य कर रही है। सभी संबंधित विभागों एवं केंद्रीय एजेंसियों को आपसी समन्वय और जवाबदेही के साथ नशे के विरुद्ध अभियान को और प्रभावी बनाने के निर्देश दिए गए हैं। प्रदेश में नशे के विरुद्ध लड़ाई को केवल पुलिस कार्रवाई तक सीमित न रखकर व्यापक जन-आंदोलन बनाया जा रहा है। प्रदेश के विभिन्न जिलों में वॉकाथॉन का आयोजन किया जा रहा है, जिसमें विद्यार्थी, शिक्षक, महिला मंडल, युवक मंडल तथा आम नागरिक उत्साहपूर्वक भाग ले रहे हैं।
प्रदेश में पुलिस एवं स्पेशल टास्क फोर्स को निर्देश दिए गए हैं कि कार्रवाई केवल छोटे स्तर के तस्करों तक सीमित न होे, बल्कि मुख्य सरगनाओं, उनके सहयोगियों, आपूर्ति नेटवर्क, वित्तीय स्रोतों तथा अंतरराज्यीय संबंधों की पहचान कर उनके विरुद्ध सख्त कार्रवाई की जाए।
पिछले चार वर्षों में प्रदेश में 7,950 एनडीपीएस मामले दर्ज किए गए तथा 12,302 आरोपियों को गिरफ्तार किया गया। इस दौरान 1,384 किलोग्राम चरस और 59 किलोग्राम चिट्टा सहित बड़ी मात्रा में अन्य मादक पदार्थ बरामद किए गए। वर्ष 2023 में पीआईटी-एनडीपीएस अधिनियम लागू होने के बाद अब तक 225 कुख्यात तस्करों को निरुद्ध किया गया, जिनमें 159 को वर्ष 2026 में निरुद्ध किया गया है। इस अधिनियम के तहत निरोधात्मक कार्रवाई में हिमाचल प्रदेश देश में दूसरे स्थान पर है।
प्रदेश सरकार ने पिछले साढ़े तीन वर्षों में नशे के अवैध कारोबार से अर्जित लगभग 92 करोड़ रुपये की संपत्तियां जब्त की हैं। पहली बार प्रदेश में नशे से अर्जित 48 लाख रुपये मूल्य की संपत्ति सरकार के नाम स्थानांतरित हुई है। इसके अतिरिक्त एनडीपीएस आरोपियों द्वारा सरकारी भूमि पर किए गए अतिक्रमण एवं अवैध निर्माण से संबंधित 86 संपत्तियों की पहचान की गई है, जिनमें से 22 के विरुद्ध ध्वस्तीकरण एवं बेदखली की कार्रवाई पूरी की जा चुकी है। शेष मामलों के शीघ्र निपटारे के लिए समर्पित राजस्व अधिकारी नामित किया जा रहा है।


सरकार नशे के विरुद्ध दंडात्मक कार्रवाई के साथ-साथ प्रभावित व्यक्तियों के उपचार एवं पुनर्वास पर भी विशेष ध्यान दे रही है। मशोबरा में महिलाओं के लिए पुलिस द्वारा संचालित नशामुक्ति एवं पुनर्वास केंद्र स्थापित किया गया है। टांडा तथा बिलासपुर स्थित नशामुक्ति केंद्रों को भी पुलिस के संचालन एवं प्रबंधन के लिए सौंपने के निर्देश दिए गए हैं। इसके साथ ही काउंसलिंग नेटवर्क का विस्तार, आउट-पेशेंट उपचार व्यवस्था का मानकीकरण तथा सरकारी सेवाओं में भर्ती के दौरान ड्रग टेस्ट सुनिश्चित करने की दिशा में कदम उठाए जा रहे हैं।
प्रदेश की 246 अत्यधिक नशा प्रभावित पंचायतों को चिन्हित कर विशेष निगरानी में रखा गया है। पंचायत स्तर पर रेड, येलो एवं ग्रीन श्रेणियों के माध्यम से नशे से प्रभावित व्यक्तियों तथा तस्करी में संलिप्त लोगों की पहचान की जा रही है। अब तक लगभग 12,000 व्यक्तियों की पहचान की जा चुकी है, ताकि जरूरतमंदों को उपचार एवं पुनर्वास से जोड़ा जा सके और तस्करों के विरुद्ध कार्रवाई की जा सके।
सरकार नशे से संबंधित गतिविधियों में संलिप्त सरकारी कर्मचारियों के विरुद्ध भी शून्य सहनशीलता की नीति अपना रही है। ऐसे 168 सरकारी कर्मियों के विरुद्ध मामले दर्ज किए गए हैं। इनमें 30 राज्य कर्मचारियों और 21 पुलिस कर्मियों को सेवा से बर्खास्त किया जा चुका है, जबकि अन्य के विरुद्ध विभागीय कार्रवाई जारी है।
शैक्षणिक संस्थानों में एंटी-ड्रग क्लब, प्रहरी क्लब एवं साथी-शिक्षा कार्यक्रमों को मजबूत किया जा रहा है। जून से अगस्त 2026 के दौरान पुलिस अधिकारियों द्वारा 158 स्कूलों को गोद लिया गया तथा 332 शैक्षणिक संस्थानों में जागरूकता गतिविधियां आयोजित की गईं। प्रदेश के लगभग 9,677 शैक्षणिक संस्थानों को तंबाकू मुक्त घोषित किया गया है। इस उपलब्धि के लिए हिमाचल प्रदेश को तंबाकू मुक्त युवा अभियान 3.0 के तहत सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन करने वाला राज्य घोषित किया गया है।
नशा तस्करी से संबंधित सूचनाएं साझा करने के लिए प्रदेश सरकार शीघ्र ही विशेष व्हाटसएप चैटबॉट आरम्भ करने जा रही है। इसके माध्यम से नागरिक अपनी पहचान गोपनीय रखते हुए तस्करी से जुड़ी जानकारी दे सकेंगे। साथ ही नशे से प्रभावित व्यक्तियों एवं उनके परिजनों को उपचार, परामर्श और पुनर्वास संबंधी जानकारी भी उपलब्ध करवाई जाएगी।
मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविन्द्र सिंह सुक्खू ने कहा कि नशे के विरुद्ध यह लड़ाई केवल सरकार या पुलिस के प्रयासों से नहीं जीती जा सकती, बल्कि इसके लिए समाज के प्रत्येक वर्ग की सक्रिय भागीदारी आवश्यक है। उन्होंने युवाओं, पंचायत प्रतिनिधियों, महिला मंडलों, युवक मंडलों, शिक्षकों, अभिभावकों, स्वयंसेवी संस्थाओं और आम नागरिकों से एंटी-चिट्टा अभियान को जन-आंदोलन बनाने तथा नशे के विरुद्ध एकजुट होकर खड़े होने का आह्वान किया।
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश सरकार हिमाचल को नशामुक्त, सुरक्षित एवं समृद्ध राज्य बनाने के लिए प्रतिबद्ध है। नशा तस्करी में संलिप्त किसी भी व्यक्ति, संगठित गिरोह अथवा अवैध नेटवर्क को प्रदेश के युवाओं और आने वाली पीढ़ियों के भविष्य से खिलवाड़ करने की अनुमति नहीं दी जाएगी। उन्होंने कहा कि नशे के अवैध कारोबार में संलिप्त लोगों के विरुद्ध कठोर कार्रवाई जारी रहेगी और सामूहिक प्रयासों से स्वस्थ एवं नशामुक्त हिमाचल का निर्माण किया जाएगा।

Share from A4appleNews:

You May Like

Breaking News