दो विशेष आमंत्रित सदस्य भी बनाए गए, भाजपा के कई वरिष्ठ नेताओं को नहीं मिला स्थान
एप्पल न्यूज़, शिमला
भारतीय जनता पार्टी ने हिमाचल प्रदेश में अपनी प्रदेश कोर कमेटी का गठन कर दिया है। भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन के आदेशानुसार प्रदेश अध्यक्ष डॉ. राजीव बिंदल ने 12 सदस्यीय कोर कमेटी की अधिसूचना जारी की है। कमेटी में पार्टी के वरिष्ठ नेताओं, सांसदों, विधायकों और संगठन के पदाधिकारियों को जगह दी गई है। इसके अलावा दो नेताओं को विशेष आमंत्रित सदस्य बनाया गया है।
हालांकि, इस कोर कमेटी में भाजपा के कई दिग्गज नेताओं को स्थान नहीं मिला है। हिमाचल भाजपा के वरिष्ठ नेता एवं पूर्व मुख्यमंत्री शांता कुमार और पूर्व मुख्यमंत्री प्रेम कुमार धूमल जैसे बड़े नाम भी इस सूची से बाहर हैं। इन दोनों नेताओं का प्रदेश की राजनीति और भाजपा संगठन में लंबा और महत्वपूर्ण योगदान रहा है। ऐसे में नई कोर कमेटी में इनका नाम शामिल नहीं होना राजनीतिक चर्चा का विषय बन सकता है।

ये 12 नेता होंगे कोर कमेटी में शामिल
प्रदेश कोर कमेटी में भाजपा के पूर्व राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं केंद्रीय मंत्री जगत प्रकाश नड्डा, प्रदेश अध्यक्ष डॉ. राजीव बिंदल, पूर्व मुख्यमंत्री एवं नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर, प्रदेश महामंत्री संगठन सिद्धार्थन, पूर्व प्रदेश अध्यक्ष एवं सांसद सुरेश कश्यप, सांसद एवं पूर्व केंद्रीय मंत्री अनुराग ठाकुर, विधायक एवं पूर्व प्रदेश अध्यक्ष सतपाल सिंह सत्ती, सांसद डॉ. राजीव भारद्वाज, प्रदेश उपाध्यक्ष एवं विधायक विपिन सिंह परमार, राज्यसभा सांसद एवं प्रदेश महामंत्री डॉ. सिकंदर कुमार, प्रदेश महामंत्री पायल वैद्य और प्रदेश महामंत्री संजीव कटवाल शामिल हैं।
श्रीकांत शर्मा और दर्शना सिंह विशेष आमंत्रित सदस्य
इसके अतिरिक्त भाजपा के प्रदेश प्रभारी श्रीकांत शर्मा और प्रदेश सह प्रभारी दर्शना सिंह को कोर कमेटी में विशेष आमंत्रित सदस्य बनाया गया है।
प्रदेश अध्यक्ष डॉ. राजीव बिंदल की ओर से जारी अधिसूचना के अनुसार कमेटी में कुल 12 नियमित सदस्य और दो विशेष आमंत्रित सदस्य शामिल हैं। अब इस सूची में वरिष्ठ नेताओं को जगह नहीं मिलने को लेकर भी राजनीतिक हलकों में चर्चाएं तेज होने की संभावना है।








