file_0000000041688207ba39fa13793d26ef
previous arrow
next arrow
IMG-20261121-WA0013
previous arrow
next arrow

संविधान की रक्षा के लिए कांग्रेस ने शिमला में निकाला मार्च, भाजपा पर वोट चोरी और लोकतंत्र कमजोर करने के आरोप

IMG_20261107_092748
previous arrow
next arrow

रजनी पाटिल, मुकेश अग्निहोत्री और विनय कुमार ने भरी हुंकार, हजारों कार्यकर्ताओं ने संविधान रक्षा की ली शपथ
एप्पल न्यूज़, शिमला

संविधान दिवस के अवसर पर अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी के आह्वान पर प्रदेश कांग्रेस कमेटी ने प्रदेश अध्यक्ष विनय कुमार के नेतृत्व में शिमला में संविधान रक्षा मार्च निकाला। इस दौरान कांग्रेस नेताओं ने केंद्र की भाजपा सरकार पर लोकतंत्र को कमजोर करने, संवैधानिक संस्थाओं को प्रभावित करने और वोट चोरी जैसे गंभीर आरोप लगाते हुए संविधान की रक्षा के लिए एकजुट होकर संघर्ष करने का आह्वान किया।
मार्च में प्रदेश कांग्रेस मामलों की प्रभारी रजनी पाटिल, उप मुख्यमंत्री मुकेश अग्निहोत्री, मंत्रिमंडल के सदस्य कर्नल डॉ. धनीराम शांडिल, चौधरी चंद्र कुमार, अनिरुद्ध सिंह, राजेश धर्माणी, यादवेंद्र गोम्मा तथा अखिल भारतीय कांग्रेस कार्यसमिति की सदस्य एवं पूर्व सांसद प्रतिभा सिंह सहित प्रदेश के विधायक, पूर्व विधायक, निगमों एवं बोर्डों के अध्यक्ष-उपाध्यक्ष, एआईसीसी सचिव एवं प्रदेश सह-प्रभारी कमल कांत शर्मा, डॉ. राहुल राजभर, पीसीसी पदाधिकारी, जिला व ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष और विभिन्न अग्रणी संगठनों एवं विभागों के पदाधिकारी शामिल हुए। प्रदेशभर से पहुंचे हजारों कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने भी मार्च में भाग लिया।


चौड़ा मैदान से शुरू हुआ यह मार्च रिज मैदान तक पहुंचा, जहां राष्ट्रपिता महात्मा गांधी की प्रतिमा के समक्ष संविधान की रक्षा की शपथ लेकर इसका समापन किया गया। इससे पहले चौड़ा मैदान में कांग्रेस नेताओं ने संविधान निर्माता डॉ. भीमराव अंबेडकर की प्रतिमा पर पुष्प अर्पित कर उन्हें श्रद्धांजलि दी।
इस अवसर पर प्रदेश कांग्रेस मामलों की प्रभारी रजनी पाटिल ने केंद्र की मोदी सरकार पर लोकतंत्र और संवैधानिक संस्थाओं को कमजोर करने का आरोप लगाया। उन्होंने वोट चोरी और राम मंदिर के चंदे में कथित अनियमितताओं का मुद्दा उठाते हुए कहा कि आज देश के लोकतांत्रिक ढांचे को कमजोर करने के प्रयास किए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि हिमाचल प्रदेश में भाजपा ने कांग्रेस के विधायकों को तोड़कर सरकार को अस्थिर करने की कोशिश की, लेकिन प्रदेश की जनता ने चुनाव में भाजपा को करारा जवाब दिया।


रजनी पाटिल ने आरोप लगाया कि भाजपा ने लोगों की आस्था से जुड़े राम मंदिर के चंदे के मामले में भी लूट की है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से आह्वान किया कि संविधान की रक्षा के लिए राहुल गांधी की आवाज को मजबूत करना होगा। उन्होंने कहा कि पार्टी कार्यकर्ता घर-घर जाकर भाजपा की कथित वोट चोरी और अन्य मुद्दों को जनता के सामने उजागर करें, तभी देश के लोकतंत्र को बचाया जा सकता है।
उप मुख्यमंत्री मुकेश अग्निहोत्री ने संविधान रक्षा मार्च में उमड़ी भीड़ को भाजपा की कथित वोट चोरी के खिलाफ बड़े जनांदोलन का संकेत बताया। उन्होंने कहा कि भाजपा को हिमाचल प्रदेश से सबक लेना चाहिए, जहां कांग्रेस विधायकों को तोड़कर प्रदेश की सरकार को अस्थिर करने की नाकाम कोशिश की गई थी। उन्होंने विश्वास जताया कि प्रदेश की जनता कांग्रेस के साथ खड़ी है और भविष्य में भी उसका समर्थन जारी रहेगा।


प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष विनय कुमार ने मार्च में शामिल हजारों कार्यकर्ताओं का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि हिमाचल प्रदेश में कांग्रेस पूरी मजबूती और एकजुटता के साथ खड़ी है। उन्होंने कहा कि भाजपा का वोट चोरी का कोई भी प्रयास प्रदेश में सफल नहीं होगा। उन्होंने कार्यकर्ताओं से राहुल गांधी द्वारा देशभर में संविधान बचाने के लिए उठाई जा रही आवाज को बुलंद करने का आह्वान करते हुए कहा कि अब भाजपा की सत्ता से विदाई तय है।
वहीं, एआईसीसी सचिव एवं प्रदेश कांग्रेस मामलों के सह-प्रभारी कमल कांत शर्मा ने भी लोकतंत्र और संविधान की रक्षा के लिए कार्यकर्ताओं से एकजुट होने की अपील की। उन्होंने कहा कि लोगों को भाजपा की कथित लूट से बचाने और लोकतांत्रिक मूल्यों की रक्षा के लिए राहुल गांधी की आवाज के साथ मजबूती से खड़ा होना होगा।

Share from A4appleNews:

You May Like

Breaking News