file_0000000041688207ba39fa13793d26ef
previous arrow
next arrow
IMG-20261121-WA0013
previous arrow
next arrow

शिमला पुलिस की बड़ी कार्रवाई, 1.64 करोड़ की अवैध संपत्ति जब्त होने के बाद नशा तस्कर ठियोग का सोहन लाल उर्फ हैप्पी को 3 माह के लिए किया निरुद्ध

IMG_20261107_092748
previous arrow
next arrow

शिमला पुलिस के PIT ND&PS के तहत निरुद्ध व्यक्तियों की संख्या पहुंची 52
एप्पल न्यूज, शिमला।
नशा तस्करी के खिलाफ शिमला पुलिस ने एक और बड़ी कार्रवाई करते हुए आदतन नशा तस्कर सोहन लाल उर्फ हैप्पी (38) निवासी रहीघाट, तहसील ठियोग को PIT ND&PS Act के तहत निरुद्ध किया है। आरोपी के खिलाफ नशे के अवैध कारोबार से अर्जित 1.64 करोड़ रुपये से अधिक की संपत्ति पहले ही जब्त की जा चुकी है। अब उसे तीन माह के लिए निरुद्ध कर नशा तस्करी की गतिविधियों पर अंकुश लगाने की कार्रवाई की गई है।
पुलिस के अनुसार, सक्षम प्राधिकारी हिमाचल प्रदेश ने Detention Order No. CID/PIT ND&PS/2026-226-230 दिनांक 25 नवंबर 2026 के तहत PIT ND&PS Act की धारा 3(1) के अंतर्गत तीन माह की अवधि के लिए निरोध आदेश जारी किया था। इसी आदेश की अनुपालना में 26 नवंबर को आरोपी को उसके निवास स्थान रहीघाट से नियमानुसार निरुद्ध किया गया। इसके बाद उसे सुरक्षा व्यवस्था के बीच मॉडल सेंट्रल जेल कंडा, जिला शिमला में दाखिल करवाया गया।
पुलिस की जांच में आरोपी के नशा तस्करी से अर्जित अवैध संपत्तियों का भी खुलासा हुआ था। इन संपत्तियों की पहचान और जब्ती के लिए विस्तृत वित्तीय जांच की गई, जिसके तहत 1.64 करोड़ रुपये से अधिक की संपत्ति जब्त की गई है। इस कार्रवाई के जरिए पुलिस ने आरोपी के खिलाफ कानूनी शिकंजा कसने के साथ-साथ नशे के कारोबार से खड़ी की गई उसकी आर्थिक ताकत पर भी प्रहार किया है।
गौरतलब है कि PIT ND&PS Act के तहत निरोध एक निवारक कार्रवाई है, जिसका उद्देश्य नशा तस्करी में लगातार संलिप्त आदतन अपराधियों को अवैध कारोबार जारी रखने से रोकना है। शिमला पुलिस अब केवल गिरफ्तारी तक सीमित न रहकर नशा तस्करों के आर्थिक नेटवर्क और उनकी अवैध संपत्तियों पर भी कार्रवाई कर रही है।
इस ताजा कार्रवाई के साथ ही शिमला पुलिस द्वारा PIT ND&PS Act के तहत निरुद्ध किए गए व्यक्तियों की कुल संख्या 52 हो गई है। पुलिस का कहना है कि नशा तस्करी के नेटवर्क को तोड़ने, बार-बार अपराध करने वाले तस्करों पर अंकुश लगाने और युवा पीढ़ी को नशे के दुष्प्रभावों से बचाने के लिए अभियान आगे भी जारी रहेगा।

Share from A4appleNews:

You May Like

Breaking News