मंदिर परिसर की पार्किंग से देवदार के 20 स्लीपर चोरी, जम्मू-कश्मीर के तीन आरोपी गिरफ्तार
तकनीकी साक्ष्यों, सीसीटीवी फुटेज और डंप डेटा के विश्लेषण से पुलिस ने सुलझाया चोरी का मामला
एप्पल न्यूज, रोहड़ू
शिमला जिले के रोहड़ू क्षेत्र में देवता महेश्वर महाराज मंदिर परिसर की पार्किंग से देवदार की लकड़ी के 20 स्लीपर चोरी करने के मामले में पुलिस ने तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार किए गए तीनों आरोपी जम्मू-कश्मीर के जिला कठुआ के निवासी हैं।
पुलिस के अनुसार, समरकोट पुजारली स्थित देवता महेश्वर महाराज मंदिर परिसर की पार्किंग से 23 और 24 अक्टूबर 2026 की मध्यरात्रि अज्ञात व्यक्तियों ने देवदार की लकड़ी के 20 स्लीपर चोरी कर लिए थे। इस संबंध में पुलिस थाना रोहड़ू में 26 नवंबर 2026 को अभियोग संख्या 128/2026 के तहत भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 305(a) और 3(5) में मामला दर्ज किया गया था।
मामले की जांच के दौरान पुलिस ने तकनीकी साक्ष्यों, सीआरडी, सीसीटीवी फुटेज और डंप डेटा का गहन विश्लेषण किया। जांच में जुटाए गए साक्ष्यों के आधार पर चोरी की वारदात में संलिप्त तीन आरोपियों की पहचान की गई।
पुलिस ने आरोपियों शब्बीर अहमद (26 वर्ष), रफाकत अली (25 वर्ष) और शब्बीर अहमद (31 वर्ष), तीनों निवासी जिला कठुआ, जम्मू-कश्मीर को 27 नवंबर 2026 को गिरफ्तार कर लिया।
तीनों आरोपियों को माननीय न्यायालय के समक्ष पेश किया जा रहा है। पुलिस के अनुसार मामले की जांच जारी है।







