श्रद्धालुओं और देवलुओं के ठहरने के लिए होटल संचालकों से निःशुल्क कमरे व हॉल उपलब्ध करवाने की अपील
एप्पल न्यूज, रामपुर बुशहर।
श्री लांकड़ावीर मंदिर में आयोजित होने वाले प्राण-प्रतिष्ठा समारोह को लेकर तैयारियां शुरू हो गई हैं। यह धार्मिक आयोजन 12 से 14 दिसंबर 2026 तक आयोजित किया जाएगा। समारोह में विभिन्न क्षेत्रों से देवी-देवताओं के आगमन के साथ करीब 8 हजार से 10 हजार श्रद्धालुओं एवं देवलुओं के शामिल होने की संभावना है।
श्रद्धालुओं और देवलुओं की भारी संख्या को देखते हुए श्री भीमाकाली जी मंदिर न्यास रामपुर बुशहर ने सराहन व आसपास के क्षेत्र के होटल एवं होमस्टे संचालकों से सहयोग की अपील की है। न्यास की ओर से जारी पत्र में होटल प्रबंधकों से आग्रह किया गया है कि वे 12 दिसंबर से 14 दिसंबर 2026 तक अपने होटलों में उपलब्ध कमरे एवं हॉल निःशुल्क उपलब्ध करवाएं, ताकि बाहर से आने वाले श्रद्धालुओं और देवलुओं के ठहरने की उचित व्यवस्था की जा सके।
न्यास ने पत्र में स्पष्ट किया है कि समारोह में शामिल होने वाले श्रद्धालुओं एवं देवलुओं के भोजन की व्यवस्था श्री भीमाकाली माता मंदिर परिसर में की जाएगी। होटल संचालकों से केवल उनके ठहरने के लिए कमरे और हॉल निःशुल्क उपलब्ध करवाने का अनुरोध किया गया है।







