एप्पल न्यूज़, शिमला
देश के 80वें स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर शिमला के ऐतिहासिक रिज मैदान में जिला स्तरीय समारोह पूरे हर्षोल्लास और देशभक्ति के माहौल में आयोजित किया गया। शिक्षा मंत्री रोहित ठाकुर ने बतौर मुख्य अतिथि राष्ट्रीय ध्वज फहराया, परेड का निरीक्षण किया और भव्य मार्च पास्ट की सलामी ली।
मार्च पास्ट में शिमला पुलिस की पुरुष एवं महिला जवानों की टुकड़ियों के साथ होमगार्ड, यातायात पुलिस, एनसीसी बॉयज एवं गर्ल्स, एनएसएस बॉयज एवं गर्ल्स, भारत स्काउट एवं गाइड तथा प्रदेश पुलिस बैंड ने हिस्सा लिया। जवानों और विद्यार्थियों की अनुशासित कदमताल ने समारोह में देशभक्ति का जोश भर दिया।

अपने संबोधन में शिक्षा मंत्री रोहित ठाकुर ने देश की आजादी के लिए बलिदान देने वाले शहीदों और स्वतंत्रता सेनानियों को नमन किया। उन्होंने कहा कि हिमाचल प्रदेश की कांग्रेस सरकार प्रदेश के समग्र विकास के लिए निरंतर कार्य कर रही है। सरकार का विशेष ध्यान ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूत करने, स्वास्थ्य सेवाओं में सुधार और शिक्षा के क्षेत्र को सुदृढ़ बनाने पर है। उन्होंने कहा कि सरकार की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं के सकारात्मक परिणाम सामने आ रहे हैं और हिमाचल को विकास के पथ पर आगे ले जाने के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं।

समारोह में स्कूली विद्यार्थियों ने ‘नशा मुक्त हिमाचल’ का संदेश देने के साथ-साथ प्रदेश की समृद्ध लोक संस्कृति और परंपराओं पर आधारित रंगारंग सांस्कृतिक प्रस्तुतियां दीं। प्रस्तुतियों ने दर्शकों का मन मोह लिया। शिक्षा मंत्री ने उत्कृष्ट प्रस्तुति देने वाले प्रतिभागियों को पुरस्कार देकर सम्मानित किया।
स्वतंत्रता दिवस समारोह को देखते हुए रिज मैदान और आसपास के क्षेत्रों में सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए थे। पुलिस एवं सुरक्षा बलों ने समारोह स्थल पर कानून-व्यवस्था बनाए रखने के साथ यातायात व्यवस्था को भी सुचारू रखा।










