सभी प्रदेशवासियों को.jpg
previous arrow
next arrow

सौहार्दपूर्ण माहौल में सम्पन्न हुई सर्वदलीय बैठक, जनहित के मुद्दों पर सार्थक चर्चा होनी चाहिए- पठानियां

8.6.26 SJVN CORP AD HINDI
previous arrow
next arrow

एप्पल न्यूज़, शिमला

हिमाचल प्रदेश विधानसभा के मानसून सत्र से पहले शुक्रवार को विधानसभा अध्यक्ष कुलदीप सिंह पठानियां की अध्यक्षता में सर्वदलीय बैठक आयोजित हुई। बैठक में संसदीय कार्य मंत्री हर्षवर्धन चौहान, नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर और उप मुख्य सचेतक केवल सिंह पठानियां सहित सत्ता पक्ष और विपक्ष के नेता मौजूद रहे।
बैठक के बाद मीडिया से बातचीत में विधानसभा अध्यक्ष कुलदीप सिंह पठानियां ने कहा कि सत्र को निर्विघ्न और सार्थक ढंग से चलाने के उद्देश्य से यह बैठक बुलाई गई थी। उन्होंने कहा कि 10 दिनों तक चलने वाले मानसून सत्र के दौरान उठाए जाने वाले विभिन्न विषयों की जानकारी बैठक में साझा की गई।


पठानियां ने सत्ता पक्ष और विपक्ष के सभी सदस्यों से सदन के संचालन में सहयोग की अपील करते हुए कहा कि सदन में जनहित से जुड़े मुद्दों पर सार्थक चर्चा होनी चाहिए और सभी सदस्यों को अपने विचार रखने का पर्याप्त अवसर मिलना चाहिए।
उन्होंने कहा कि 14वीं विधानसभा की उत्पादकता मानसून सत्र से पहले औसतन 90 से 132 प्रतिशत तक रही है, जो देश में सर्वाधिक है। उन्होंने उम्मीद जताई कि सभी सदस्यों के सहयोग से भविष्य में भी विधानसभा इसी तरह उच्च उत्पादकता हासिल करती रहेगी।
विधानसभा अध्यक्ष ने स्पष्ट किया कि सदन में समय की कोई कमी नहीं है और जनहित से जुड़े विषयों पर चर्चा के लिए पर्याप्त समय दिया जाएगा। उन्होंने कहा कि विधानसभा की अपनी गरिमा और उच्च संसदीय परंपराएं हैं। ऐसे में विपक्ष को नियमों की परिधि में रहकर सरकार से सवाल पूछने चाहिए, जबकि सरकार का दायित्व है कि विपक्ष द्वारा उठाए गए प्रश्नों और मांगी गई सूचनाओं का स्पष्ट एवं सटीक जवाब दे।
पठानियां ने बताया कि बैठक के दौरान नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर ने शून्यकाल से संबंधित कुछ विषय उठाए। उन्होंने कहा कि इन मुद्दों के समाधान के संबंध में वह पहले ही हिमाचल प्रदेश सरकार के मुख्य सचिव को अवगत करा चुके हैं, जो शुक्रवार दोपहर तीन बजे उनसे मुलाकात करने वाले हैं।
उन्होंने बैठक में मौजूद संसदीय कार्य मंत्री से भी नेता प्रतिपक्ष द्वारा उठाए गए विषयों को गंभीरता से लेने को कहा। पठानियां के अनुसार, बैठक में सत्ता पक्ष और विपक्ष दोनों के नेताओं ने सदन के सुचारू संचालन में भरपूर सहयोग देने का आश्वासन दिया।

Share from A4appleNews:

You May Like

Breaking News