रामपुर एचपीएस ने प्लास्टिक मुक्त एवं स्वच्छ पर्यटन स्थलों का दिया संदेश
रामपुर, 29 सितंबर। स्वच्छता ही सेवा (SHS) अभियान-2026 के तहत रामपुर एचपीएस द्वारा विश्व पर्यटन दिवस के अवसर पर 28 सितंबर को बायो-डायवर्सिटी पार्क, बाजीर बावड़ी में विशेष स्वच्छता अभियान आयोजित किया गया। अभियान का नेतृत्व रामपुर एचपीएस के परियोजना प्रमुख ई. विकास मारवाह ने किया।
विद्युत मंत्रालय एवं निगमित कार्यालय के निर्देशानुसार रामपुर एचपीएस द्वारा 17 सितंबर से 2 अक्तूबर 2026 तक स्वच्छता ही सेवा अभियान आयोजित किया जा रहा है। इसी कड़ी में आयोजित इस अभियान में रामपुर एचपीएस के कर्मचारियों के साथ आवेरी महिला मंडल की महिलाओं ने भी उत्साहपूर्वक भाग लिया।
अभियान के दौरान बायो-डायवर्सिटी पार्क परिसर और आसपास के क्षेत्रों की गहन सफाई की गई। पार्क में एकत्रित कचरे और प्लास्टिक अपशिष्ट को हटाकर उचित कचरा प्रबंधन के लिए निर्धारित स्थल तक पहुंचाया गया। इस दौरान पर्यटन स्थलों को स्वच्छ एवं आकर्षक बनाए रखने तथा प्राकृतिक एवं जैव-विविधता वाले क्षेत्रों के संरक्षण का संदेश दिया गया।
स्वच्छता अभियान के बाद एकल-उपयोग प्लास्टिक (SUP) के इस्तेमाल को हतोत्साहित करने और पर्यावरण-अनुकूल विकल्पों को बढ़ावा देने के उद्देश्य से आवेरी महिला मंडल की महिलाओं को जूट के थैले वितरित किए गए। इसके माध्यम से दैनिक जीवन में प्लास्टिक की थैलियों के स्थान पर पुनः उपयोग योग्य और पर्यावरण-अनुकूल विकल्प अपनाने के लिए प्रेरित किया गया।
इस अवसर पर परियोजना प्रमुख ई. विकास मारवाह ने कहा कि पर्यटन स्थलों की स्वच्छता और प्राकृतिक सौंदर्य का संरक्षण स्थानीय समुदाय, पर्यटकों और संस्थानों की साझा जिम्मेदारी है। उन्होंने लोगों से पर्यटन एवं सार्वजनिक स्थलों पर कचरा न फैलाने, कचरे को निर्धारित स्थान पर डालने तथा प्लास्टिक का उपयोग कम कर पर्यावरण-अनुकूल विकल्प अपनाने की अपील की।
उन्होंने कहा कि स्वच्छ एवं सुंदर पर्यटन स्थल क्षेत्र की प्राकृतिक और सांस्कृतिक पहचान को बनाए रखने के साथ-साथ पर्यावरण संरक्षण और सतत पर्यटन को भी बढ़ावा देते हैं। स्वच्छता को दैनिक जीवन की आदत बनाकर ही आने वाली पीढ़ियों के लिए स्वच्छ, सुंदर और सुरक्षित पर्यावरण सुनिश्चित किया जा सकता है।



