एप्पल न्यूज़, झाकड़ी /रामपुर बुशहर
ग्राम पंचायत झाकड़ी ने सामाजिक जागरूकता और सम्मानजनक व्यवहार की दिशा में महत्वपूर्ण फैसला लेते हुए विवाह, जन्मदिन या बच्चे के जन्म जैसे शुभ अवसरों पर किन्नरों को दी जाने वाली बधाई की राशि अधिकतम ₹2,100 निर्धारित कर लिया है। पंचायत की ओर से जारी संदेश में स्पष्ट किया गया है कि कोई भी व्यक्ति किन्नरों को ₹2,100 से अधिक राशि देने के लिए बाध्य नहीं होगा।
झाकड़ी एक छोटे शहर के रूप में विकसित हो रहा है और इस इलाके में किन्नरों द्वारा जबरन ज्यादा पैसे वसूलने की बार बार शिकायतें आ रही थी. ग्राम पंचायत प्रधान विशाल मेहता ने लोगों की शिकायतों के आधार पर 2 अक्टूबर को गाँधी जयंती के अवसर पर हुई विशेष बैठक में सर्वसम्मती से फैसला लिया और इसकी प्रति पुलिस थाना और SDM को भेज दी.

पंचायत के अनुसार बच्चे के जन्म, विवाह अथवा अन्य शुभ अवसरों पर किन्नरों को अधिकतम ₹2,100 ही दिए जाएंगे। यदि कोई व्यक्ति इससे अधिक राशि की मांग करता है तो संबंधित व्यक्ति से उसकी शिकायत तत्काल पुलिस स्टेशन में करने की अपील की गई है।
ग्राम पंचायत झाकड़ी ने इस निर्णय के संबंध में पुलिस स्टेशन को आधिकारिक रूप से इसकी प्रति भेजे जाने की भी जानकारी दी है, ताकि जरूरत पड़ने पर शिकायतों पर उचित कार्रवाई की जा सके।
पंचायत प्रधान विशाल मेहता ने कहा कि इस फैसले का उद्देश्य समाज में समानता, सुरक्षा और जागरूकता को बढ़ावा देना तथा लोगों को अनावश्यक दबाव से बचाना है। पंचायत ने स्थानीय लोगों से इस निर्णय का समर्थन करने और सकारात्मक सामाजिक बदलाव में सहयोग देने का आह्वान किया है।
ग्राम पंचायत झाकड़ी, रामपुर बुशहर, जिला शिमला की ओर से जारी संदेश में इसे सामाजिक जागरूकता की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम बताया गया है।




