एप्पल न्यूज़, रामपुर बुशहर
शिमला के सृष्टि माता मंदिर तारादेवी की ओर से भक्तों के सहयोग से सराहनीय पहल की गई है। इसके तहत किन्नौर, रामपुर बुशहर और शिमला के आसपास स्थित गौशालाओं को पशु चारा और खाद्य सामग्री वितरित की गई। मंदिर की इस पहल का उद्देश्य बेसहारा गोवंश की देखभाल करने वाली गौशालाओं को सहयोग देना और लोगों को गोसेवा के प्रति जागरूक करना है।
मंदिर प्रबंधन की इस पहल से उन गौशालाओं को सहयोग मिलेगा, जो सड़कों पर बेसहारा छोड़े गए गोवंश की देखभाल कर रही हैं। मंदिर का उद्देश्य समाज में गोसेवा के प्रति जागरूकता बढ़ाना और अधिक से अधिक लोगों को इस पुनीत कार्य से जोड़ना है।
मंदिर के मुख्य पुजारी रमेश ठाकुर ने कहा कि सृष्टि माता मंदिर की ओर से समय-समय पर सेवा और जनकल्याण के कार्य किए जाते हैं। उन्होंने बेसहारा गोवंश की देखभाल को जरूरी बताते हुए लोगों से ऐसे कार्यों में अपनी श्रद्धा और सामर्थ्य के अनुसार सहयोग करने की अपील की।
उन्होंने कहा कि सड़कों पर बेसहारा छोड़े गए बेजुबान पशु कई बार भूख और अन्य परेशानियों से जूझते हैं। यदि हर व्यक्ति उनकी सेवा के लिए आगे आए, तो उनकी स्थिति में सुधार लाया जा सकता है। उन्होंने बताया कि किन्नौर, रामपुर बुशहर और शिमला के आसपास की गौशालाओं के लिए खाद्य सामग्री वितरित की गई है। भविष्य में भी इस तरह के सेवा कार्य जारी रखे जाएंगे।



