अभिकर्ताओं की संख्या बढ़ाने और रोजगार के अवसर सृजित करने पर हुई चर्चा
एप्पल न्यूज़, रिकांग पिओ
उपायुक्त कार्यालय रिकांग पिओ में राष्ट्रीय बचत राज्य सलाहकार बोर्ड के उपाध्यक्ष श्री प्रकाश चंद करड़ की अध्यक्षता में लघु बचत योजनाओं से संबंधित बैठक का सोमवार को आयोजन किया गया। बैठक में उपायुक्त सोनाक्षी सिंह तोमर विशेष रूप से उपस्थित रहीं।
बैठक के दौरान लघु बचत से संबंधित विभिन्न योजनाओं, अभिकर्ताओं के कार्यों तथा उन्हें पेश आने वाली समस्याओं पर विस्तृत चर्चा की गई। इस अवसर पर उपाध्यक्ष प्रकाश चंद करड़ ने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि सरकार द्वारा आमजन के आर्थिक उत्थान के लिए चलाई जा रही विभिन्न लघु बचत योजनाओं एवं उनकी उपलब्धियों से संबंधित होर्डिंग जिले में स्थापित किए जाएं, ताकि अधिक से अधिक लोगों को इन योजनाओं की जानकारी मिल सके और वे इनका लाभ उठा सकें।

उन्होंने कहा कि लघु बचत योजनाओं का व्यापक प्रचार-प्रसार करना आवश्यक है, ताकि ग्रामीण क्षेत्रों में रहने वाले लोगों तक भी इन योजनाओं की जानकारी पहुंचाई जा सके। इसके लिए लघु बचत अभिकर्ताओं की भूमिका महत्वपूर्ण है। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को अभिकर्ताओं की बैठक आयोजित करने के निर्देश दिए, ताकि उनकी समस्याओं का समाधान किया जा सके और योजनाओं के क्रियान्वयन को और प्रभावी बनाया जा सके।
उन्होंने ग्रामीण स्तर पर लघु बचत योजनाओं की पहुंच बढ़ाने के लिए अभिकर्ताओं की संख्या में वृद्धि करने पर भी जोर दिया। उन्होंने कहा कि अधिक अभिकर्ताओं के माध्यम से गांव-गांव तक योजनाओं की जानकारी पहुंचाई जा सकेगी, जिससे लोगों में बचत की प्रवृत्ति को बढ़ावा मिलेगा और अधिक लोग इन योजनाओं से जुड़ सकेंगे।
उन्होंने कहा कि लघु बचत योजनाएं लोगों को भविष्य के लिए आर्थिक सुरक्षा प्रदान करने में सहायक हैं। साथ ही, अभिकर्ताओं की संख्या बढ़ने से रोजगार के नए अवसर भी उपलब्ध हो सकते हैं। उन्होंने संबंधित अधिकारियों से योजनाओं के प्रचार-प्रसार तथाुशश आवश्यक कदम उनठाने का आह्वान किया।
इस अवसर पर सहायक संदीप मस्ताना , लघु बचत योजना के एजेंट रतन शर्मा, रेनू कुमारी, नीमा उपस्थित रहे।




