रोहड़ू नगर परिषद चुनाव महिलाओं के हवाले, मतदान केंद्र से मतगणना कक्ष तक महिलाओं के हाथों में चुनावी कमान

IMG_20260514_180822
previous arrow
next arrow

एप्पल न्यूज़, रोहड़ू
नगर परिषद् रोहड़ू चुनाव इस बार महिला सशक्तिकरण की अनूठी मिसाल बनने जा रहा है। मतदान से लेकर मतगणना तक की महत्वपूर्ण जिम्मेदारियां महिला कर्मचारियों को सौंपी गई हैं। रिटर्निंग अधिकारी (एमसी) एवं उपमंडलाधिकारी (नागरिक) रोहड़ू, धर्मेश रामौत्रा ने बताया कि महिला कर्मचारी पूरी चुनाव प्रक्रिया का सफल एवं व्यवस्थित संचालन करेंगी।

उन्होंने बताया कि नगर परिषद् रोहड़ू चुनाव की मतगणना भी इस बार पूर्णतः महिलाओं द्वारा संपन्न करवाई जाएगी। मतगणना कार्य को सुचारू एवं पारदर्शी ढंग से संपन्न करवाने के लिए कुल 6 टीमों का गठन किया गया है। प्रत्येक टीम में तीन कर्मचारियों को नियुक्त किया गया है, जिनमें एक काउंटिंग सुपरवाइजर, एक काउंटिंग असिस्टेंट तथा एक माइक्रो ऑब्जर्वर शामिल हैं।

इनमें से तीन टीमें मतगणना कार्य में प्रत्यक्ष रूप से तैनात रहेंगी, जबकि तीन टीमों को रिजर्व रखा गया है, ताकि आवश्यकता पड़ने पर उन्हें तुरंत तैनात किया जा सके।

रिटर्निंग अधिकारी ने बताया कि मतगणना कार्य के लिए तैनात महिला कर्मचारियों के लिए आज विशेष रिहर्सल एवं प्रशिक्षण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस दौरान कर्मचारियों को मतगणना प्रक्रिया, परिणाम तैयार करने तथा निर्वाचन संबंधी विभिन्न तकनीकी पहलुओं की विस्तृत जानकारी प्रदान की गई, ताकि मतगणना कार्य निष्पक्ष, व्यवस्थित एवं त्रुटिरहित ढंग से संपन्न हो सके।

उन्होंने कहा कि यह पहल महिला कर्मचारियों की दक्षता, अनुशासन एवं प्रशासनिक क्षमता को दर्शाती है। महिलाएं आज हर क्षेत्र में अपनी प्रतिभा और नेतृत्व क्षमता का परिचय दे रही हैं तथा चुनाव जैसे जिम्मेदार लोकतांत्रिक कार्यों का सफल संचालन कर समाज को एक सकारात्मक संदेश प्रदान कर रही हैं।

उल्लेखनीय है कि इस बार नगर परिषद् रोहड़ू चुनाव में मतदान प्रक्रिया भी पूर्णतः महिलाओं द्वारा संचालित की जाएगी। नगर परिषद् रोहड़ू के 9 वार्डों में स्थापित सभी मतदान केंद्रों पर महिला कर्मचारी अपनी सेवाएं देंगी। इसके लिए लगभग 80 महिला कर्मचारियों की तैनाती की गई है।
रिटर्निंग अधिकारी ने विश्वास व्यक्त किया कि महिला कर्मचारियों के सहयोग, समर्पण एवं जिम्मेदारीपूर्ण कार्यशैली से नगर परिषद् रोहड़ू चुनाव शांतिपूर्ण, निष्पक्ष एवं सफलतापूर्वक संपन्न होंगे।

Share from A4appleNews:

You May Like