एप्पल न्यूज़, रामपुर बुशहर
जिला शिमला पुलिस द्वारा नशा तस्करी के विरुद्ध चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत पुलिस थाना रामपुर में दर्ज चिट्टा तस्करी मामले में बड़ी सफलता हासिल करते हुए दो और आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है। पुलिस ने मामले की गहन जांच के दौरान नशे की खेप उपलब्ध करवाने वाले मुख्य सप्लायर और उसके सहयोगी को पंजाब के जीरकपुर क्षेत्र से दबोच लिया है।
पुलिस के अनुसार 23 जून 2026 को डिटेक्शन सेल, उप-मंडल रामपुर की टीम भैरा खंड सड़क, एनएच-05 के पास गश्त और निगरानी पर तैनात थी। इसी दौरान मिली विश्वसनीय सूचना के आधार पर पुलिस ने नाकाबंदी कर एक संदिग्ध वाहन को रोका। स्वतंत्र गवाहों की मौजूदगी में वाहन की तलाशी लेने पर उसमें सवार तीन युवकों के कब्जे से 25 ग्राम चिट्टा (हेरोइन) बरामद किया गया।

गिरफ्तार आरोपियों की पहचान अनिल रिबल्टा (23), निवासी कोटी, रामपुर, प्रशांत मैहता (25), निवासी खनेवली, रामपुर तथा तेजस्वी (24), निवासी सुराड़, तहसील ननखड़ी के रूप में हुई। इस संबंध में पुलिस थाना रामपुर में एनडीपीएस अधिनियम की धारा 21 और 29 के तहत मामला दर्ज कर तीनों आरोपियों को गिरफ्तार किया गया।
मामले की जांच के दौरान पुलिस ने तकनीकी विश्लेषण, मोबाइल फोन डेटा, सीडीआर/आईपीडीआर और वित्तीय लेन-देन की जांच की। जांच में सामने आया कि आरोपियों ने चिट्टा खरीदने के लिए नवदीप मेहता उर्फ पियूष से संपर्क किया था और उसे 11 हजार रुपये की राशि भी भेजी गई थी। आगे की जांच में खुलासा हुआ कि नवदीप ने यह नशीली खेप सचिन गौर के माध्यम से उपलब्ध करवाई थी।
इसके बाद गठित विशेष पुलिस दल ने 24 जून को जीरकपुर में दबिश देकर नवदीप मेहता उर्फ पियूष (22), मूल निवासी ननखड़ी, जिला शिमला, तथा मुख्य सप्लायर सचिन गौर (26), निवासी मीरानपुर, मुजफ्फरनगर (उत्तर प्रदेश), वर्तमान निवासी डकोली, जीरकपुर को गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस ने बताया कि दोनों आरोपियों को न्यायालय में पेश किया जा रहा है तथा मामले में आगे की जांच जारी है। पुलिस इस नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की भूमिका की भी जांच कर रही है।






