जनता ने कांग्रेस को हर चुनाव में दिया जवाब, अब प्रमाणपत्र बांटने की राजनीति छोड़ें विक्रमादित्य : डॉ. राजीव बिंदल

IMG_20260514_180822
previous arrow
next arrow

राम मंदिर का विरोध करने वाली कांग्रेस आज आस्था का ढोंग कर रही, बेरोजगार युवाओं से किए वादों पर जवाब दे सरकार : बिंदल
एप्पल न्यूज़, शिमला

भाजपा प्रदेश अध्यक्ष डॉ. राजीव बिंदल ने लोक निर्माण मंत्री विक्रमादित्य सिंह के बयानों पर तीखी प्रतिक्रिया व्यक्त करते हुए कहा कि उन्हें भाजपा या उनके नेताओं को किसी प्रकार का प्रमाणपत्र देने की आवश्यकता नहीं है। उन्होंने कहा कि वह पिछले 35 वर्षों से हिमाचल प्रदेश की जनता के आशीर्वाद से लगातार जनप्रतिनिधि के रूप में समाज की सेवा कर रहे हैं और उनका सबसे बड़ा प्रमाणपत्र प्रदेश की जनता का विश्वास है।

डॉ. बिंदल ने कहा कि कांग्रेस पार्टी और स्वयं विक्रमादित्य सिंह को हाल ही में हुए पंचायती राज, नगर निकाय और नगर निगम चुनावों में जनता ने करारा जवाब दिया है। जनता ने कांग्रेस सरकार की जनविरोधी नीतियों को नकारते हुए भाजपा के पक्ष में अपना विश्वास व्यक्त किया है। उन्होंने कहा कि चुनावी पराजय से उत्पन्न हताशा और निराशा में कांग्रेस नेता अनर्गल बयानबाजी कर रहे हैं, लेकिन इससे प्रदेश की वास्तविक समस्याएं छिप नहीं सकतीं।

उन्होंने कहा कि कांग्रेस सरकार ने पिछले चार वर्षों में हिमाचल प्रदेश की जनता को केवल निराशा, आर्थिक संकट और अव्यवस्था दी है। सबसे बड़ा छल प्रदेश के बेरोजगार युवाओं के साथ हुआ। चुनाव से पहले कांग्रेस ने पांच लाख रोजगार देने और एक लाख सरकारी नौकरियां उपलब्ध कराने का वादा किया था, लेकिन आज तक इन वादों को पूरा करने की दिशा में कोई ठोस कदम नहीं उठाया गया।

प्रदेश का युवा आज भी सरकार से अपने वादों का हिसाब मांग रहा है, जबकि सरकार जवाब देने के बजाय जनता का ध्यान भटकाने का प्रयास कर रही है।डॉ. बिंदल ने कहा कि राम मंदिर के मुद्दे पर कांग्रेस का इतिहास पूरे देश के सामने है। भगवान श्रीराम के जन्मस्थान पर मंदिर निर्माण के लिए सदियों तक संघर्ष हुआ, हजारों लोगों ने बलिदान दिए और लंबे कानूनी संघर्ष के बाद मंदिर निर्माण का मार्ग प्रशस्त हुआ। इस पूरे आंदोलन के दौरान कांग्रेस ने प्रत्यक्ष और परोक्ष रूप से मंदिर निर्माण में बाधाएं खड़ी करने का प्रयास किया तथा तुष्टिकरण की राजनीति को प्राथमिकता दी।

आज वही कांग्रेस राम मंदिर और भगवान श्रीराम के नाम पर राजनीतिक लाभ लेने का प्रयास कर रही है, जिसे प्रदेश और देश की जनता भली-भांति समझती है।उन्होंने कहा कि कांग्रेस सरकार को अनर्गल बयानबाजी करने के बजाय अपनी विफलताओं का जवाब देना चाहिए। प्रदेश की जनता रोजगार, विकास, आर्थिक स्थिति और चुनावी वादों पर जवाब चाहती है। भाजपा जनता के मुद्दों को मजबूती से उठाती रहेगी और कांग्रेस सरकार को उसके हर वादे और हर विफलता के लिए जनता के सामने जवाबदेह बनाएगी

अपने परिवार के इतिहास पर नजर डालें, भाजपा को नसीहत देने से पहले आत्ममंथन करें विक्रमादित्य : संदीपनी भारद्वाज
मुख्यमंत्री से नाराजगी भाजपा पर निकालना बंद करें, कांग्रेस मंत्री पहले अपने घर की स्थिति देखें : संदीपनी भारद्वाज
शिमला।

भाजपा प्रदेश प्रवक्ता संदीपनी भारद्वाज ने कांग्रेस मंत्री विक्रमादित्य सिंह के हालिया बयान पर तीखी प्रतिक्रिया व्यक्त करते हुए कहा कि जिस परिवार पर अतीत में स्कूटरों पर सेब लादकर भ्रष्टाचार करने के आरोप लगे हों, वह आज भाजपा प्रदेश अध्यक्ष को नैतिकता और राजनीति का पाठ पढ़ाने का प्रयास कर रहा है।

उन्होंने कहा कि कांग्रेस नेताओं को दूसरों पर टिप्पणी करने से पहले अपने राजनीतिक इतिहास और अपने परिवार के अतीत पर भी आत्ममंथन करना चाहिए।संदीपनी भारद्वाज ने कहा कि भले ही विक्रमादित्य सिंह का परिवार स्वयं को राजघराने से जुड़ा हुआ बताता हो, लेकिन उन्हें यह भी देखना चाहिए कि उनकी अधिकांश पारिवारिक रिश्तेदारियां हिमाचल प्रदेश से बाहर हैं। ऐसे में प्रदेश और प्रदेशवासियों के हितों पर भाषण देने से पहले उन्हें अपने राजनीतिक और पारिवारिक आचरण पर भी विचार करना चाहिए।

उन्होंने कहा कि कांग्रेस मंत्री को वाकमुल्ला प्रकरण और वीरभद्र परिवार से जुड़े उन घटनाक्रमों का इतिहास भी भली-भांति याद होगा, जिनकी चर्चा वर्षों तक प्रदेश की राजनीति में होती रही। उस दौर के फार्महाउस और उससे जुड़े विवादों को भी प्रदेश की जनता भूली नहीं है। इसलिए इतिहास को भूलकर दूसरों पर आरोप लगाने का प्रयास उचित नहीं है।भाजपा प्रवक्ता ने कहा कि ऐसा प्रतीत होता है कि कांग्रेस मंत्री अपनी ही पार्टी में घुटन महसूस कर रहे हैं और मुख्यमंत्री के प्रति अपनी नाराजगी तथा असंतोष को भाजपा पर बयानबाजी के माध्यम से व्यक्त कर रहे हैं।

उन्होंने कहा कि यदि कांग्रेस के भीतर मतभेद हैं तो उनका समाधान पार्टी के अंदर होना चाहिए, भाजपा को अनावश्यक रूप से निशाना बनाना राजनीतिक हताशा का परिचायक है।संदीपनी भारद्वाज ने कहा कि दूसरे राज्यों और वहां के लोगों पर टिप्पणी करने से पहले कांग्रेस मंत्री को अपने पारिवारिक संबंधों और अपने ससुराल की ओर भी देख लेना चाहिए। भाजपा मुद्दों की राजनीति करती है और प्रदेश के विकास, सुशासन तथा जनहित के लिए प्रतिबद्ध है। कांग्रेस नेताओं को व्यक्तिगत टिप्पणियों और अनर्गल बयानबाजी के बजाय प्रदेश के वास्तविक मुद्दों और अपनी सरकार की विफलताओं पर जवाब देना चाहिए।

Share from A4appleNews:

Next Post

HPU ने घोषित किया B.Com द्वितीय वर्ष का परिणाम, नोटिस में पास प्रतिशत पर उठे सवाल

Thu Jul 9 , 2026
एप्पल न्यूज़, शिमलाहिमाचल प्रदेश विश्वविद्यालय (HPU) ने अप्रैल/मई 2026 में आयोजित बी.कॉम. द्वितीय वर्ष (CBCS) नियमित बैच का परीक्षा परिणाम 8 जुलाई 2026 को घोषित कर दिया है। विश्वविद्यालय द्वारा जारी नोटिस के अनुसार कुल 3348 विद्यार्थियों ने परीक्षा दी, जिनमें से 2474 विद्यार्थी उत्तीर्ण हुए हैं।हालांकि, विश्वविद्यालय के नोटिस […]

You May Like

Breaking News