सभी प्रदेशवासियों को.jpg
previous arrow
next arrow

कांग्रेस से जुड़े 70 से अधिक नए कार्यकर्ता, विक्रमादित्य बोले- संगठन विस्तार के साथ सड़क परियोजनाओं को भी मिली रफ्तार

8.6.26 SJVN CORP AD HINDI
previous arrow
next arrow

एप्पल न्यूज़, शिमला

लोक निर्माण मंत्री विक्रमादित्य सिंह ने कहा कि प्रदेश में संगठन सृजन विस्तार अभियान के तहत लगातार लोगों को कांग्रेस की विचारधारा से जोड़ा जा रहा है। उन्होंने बताया कि शिमला ग्रामीण विधानसभा क्षेत्र में कांग्रेस का संगठन लगातार मजबूत हो रहा है और इसी क्रम में शुक्रवार को 70 से अधिक लोगों ने कांग्रेस पार्टी की सदस्यता ग्रहण की।
प्रदेश कांग्रेस मुख्यालय राजीव भवन में आयोजित कार्यक्रम में नए कार्यकर्ताओं का स्वागत करते हुए विक्रमादित्य सिंह ने कहा कि कांग्रेस देश और प्रदेश की एकता, लोकतांत्रिक मूल्यों तथा विकास के प्रति समर्पित विचारधारा वाली पार्टी है। उन्होंने आरोप लगाया कि केंद्र सरकार की नीतियों से युवाओं और छात्रों को नुकसान पहुंचा है। उन्होंने नीट पेपर लीक मामले का उल्लेख करते हुए कहा कि इससे लाखों युवाओं का भविष्य प्रभावित हुआ है। उन्होंने छात्रों पर हुई कथित कार्रवाई की आलोचना करते हुए कहा कि अन्याय के खिलाफ सभी को एकजुट होकर आवाज उठानी होगी और पार्टी कार्यकर्ताओं की इसमें महत्वपूर्ण भूमिका रहेगी।
जिला कांग्रेस कमेटी शिमला ग्रामीण के अध्यक्ष हरिकृष्ण हिमराल ने कहा कि विक्रमादित्य सिंह के नेतृत्व में शिमला ग्रामीण विकास का मॉडल बनकर उभरा है और क्षेत्र में कांग्रेस का कुनबा लगातार बढ़ रहा है।
इस अवसर पर प्रदेश कांग्रेस के उपाध्यक्ष अमित नंदा, विनीत गौतम, चंद्रशेखर शर्मा, जितेंद्र ठाकुर, यशपाल तनाइक, सुन्नी नगर पंचायत की अध्यक्ष सत्या वर्मा, जिला कांग्रेस शिमला शहरी के अध्यक्ष इंद्रजीत सिंह, किसान कांग्रेस के अध्यक्ष रवि शर्मा सहित कई वरिष्ठ नेता और कार्यकर्ता मौजूद रहे।


पत्रकारों से बातचीत में विक्रमादित्य सिंह ने बताया कि केंद्र सरकार के साथ लगातार संवाद के बाद छैला–सैंज–यशवंतनगर–राजगढ़ सड़क के उन्नयन के लिए लगभग 290 करोड़ रुपये की स्वीकृति मिली है। उन्होंने कहा कि यह सड़क कोटखाई, जुब्बल, रोहड़ू और आसपास के बागवानी क्षेत्रों के लिए बेहद महत्वपूर्ण है, क्योंकि सेब सहित अन्य बागवानी उत्पादों का परिवहन मुख्य रूप से इसी मार्ग से होता है।
उन्होंने बताया कि विभाग को सभी औपचारिकताएं शीघ्र पूरी कर टेंडर प्रक्रिया शुरू करने के निर्देश दिए गए हैं, ताकि मानसून के बाद निर्माण कार्य में तेजी लाई जाके। इस परियोजना से चार से पांच विधानसभा क्षेत्रों के लोगों और विशेष रूप से बागवानों को बड़ा लाभ मिलेगा। उन्होंने इस स्वीकृति के लिए केंद्रीय मंत्री का आभार जताते हुए शिक्षा मंत्री रोहित ठाकुर, विधायक कुलदीप सिंह राठौर और अन्य जनप्रतिनिधियों के प्रयासों की भी सराहना की।


विक्रमादित्य सिंह ने बताया कि बिरादरी क्षेत्र की सड़क परियोजना के लिए करीब 60 करोड़ रुपये तथा पहले छूटे हुए लगभग 16 किलोमीटर सड़क खंड के निर्माण के लिए 50 करोड़ रुपये की मंजूरी भी केंद्र से प्राप्त हुई है। इन परियोजनाओं पर भी जल्द काम शुरू किया जाएगा।
प्रदेश में बारिश और भूस्खलन से प्रभावित सड़कों की बहाली पर उन्होंने कहा कि सरकार युद्धस्तर पर कार्य कर रही है। विभाग की टीमें दिन-रात सड़कें खोलने में जुटी हैं ताकि किसानों और बागवानों की उपज समय पर मंडियों तक पहुंच सके। उन्होंने बताया कि प्रदेशभर में 129 विभागीय जेसीबी, 270 किराये की मशीनें तथा अन्य उपकरणों सहित करीब 560 मशीनें सड़क बहाली के कार्य में लगी हुई हैं। सभी बंद सड़कों की ऑनलाइन डैशबोर्ड के माध्यम से निगरानी की जा रही है और अधिकारियों को 24 घंटे के भीतर सड़कें खोलने का लक्ष्य दिया गया है।

Share from A4appleNews:

Next Post

हिमाचल में पंचायत चौकीदारों को मिला दैनिक भोगी का दर्जा, यूनियन ने मंत्री अनिरुद्ध सिंह का जताया आभार

Fri Jul 31 , 2026
एप्पल न्यूज़, शिमला हिमाचल प्रदेश सरकार द्वारा पंचायत चौकीदारों को दैनिक भोगी (डेली वेज) बनाए जाने के निर्णय का पंचायत चौकीदार यूनियन ने स्वागत किया है। इस निर्णय पर यूनियन के प्रतिनिधिमंडल ने शुक्रवार को ग्रामीण विकास एवं पंचायती राज मंत्री अनिरुद्ध सिंह से उनके कार्यालय में मुलाकात कर उन्हें […]

You May Like

Breaking News