एप्पल न्यूज़, रामपुर बुशहर
विद्युत मंत्रालय एवं निगमित कार्यालय के निर्देशानुसार रामपुर एचपीएस द्वारा 17 सितंबर से 2 अक्तूबर 2026 तक ‘स्वच्छता ही सेवा (SHS) अभियान-2026’ आयोजित किया जा रहा है। इसी कड़ी में 30 सितंबर को ‘सफाई मित्र सुरक्षा एवं सम्मान शिविर’ के अंतर्गत अनुबंधित स्वच्छता कर्मियों एवं अन्य संबंधित कर्मचारियों के लिए निवारक स्वास्थ्य जांच शिविर आयोजित किया गया।
शिविर का आयोजन परियोजना प्रमुख रामपुर एचपीएस ई. विकास मारवाह के नेतृत्व में आयुर्वेदिक अस्पताल रामपुर बुशहर तथा HelpAge India के सहयोग से किया गया। इस दौरान रामपुर एचपीएस एवं ग्राम पंचायत जगातखाना से आए स्वच्छता कर्मियों के स्वास्थ्य की जांच की गई। आयुर्वेदिक अस्पताल के सहयोग से उनके कम्पलीट ब्लड प्रोफाइल टेस्ट भी करवाए गए।

स्वच्छता कर्मियों की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए उन्हें व्यक्तिगत सुरक्षा उपकरण (PPE) किट भी वितरित की गईं। इस दौरान स्वास्थ्य संबंधी सावधानियों, सुरक्षित कार्य-पद्धतियों तथा सुरक्षा उपकरणों के उचित उपयोग के बारे में भी जानकारी दी गई।
इस अवसर पर परियोजना प्रमुख ई. विकास मारवाह ने कहा कि ‘सफाई मित्र सुरक्षा एवं सम्मान शिविर’ का मुख्य उद्देश्य सफाई मित्रों के स्वास्थ्य, सुरक्षा, कल्याण एवं सम्मान को बढ़ावा देना है। उन्होंने कहा कि इसके माध्यम से सफाई कर्मियों को कार्यस्थल पर सुरक्षित कार्य-पद्धतियों, PPE एवं सुरक्षा उपकरणों के उचित उपयोग, स्वास्थ्य संबंधी सावधानियों तथा उपलब्ध कल्याणकारी सुविधाओं के प्रति जागरूक किया जा रहा है।
उन्होंने कहा कि स्वास्थ्य जांच एवं आवश्यक परामर्श उपलब्ध करवाने के साथ-साथ सफाई मित्रों के महत्वपूर्ण योगदान के प्रति सम्मान और संवेदनशीलता की भावना को बढ़ावा देना भी इस पहल का उद्देश्य है। स्वच्छता कार्य के दौरान संभावित जोखिमों की रोकथाम और सुरक्षित कार्य वातावरण सुनिश्चित करने के लिए संबंधित हितधारकों के बीच सहयोग एवं समन्वय को मजबूत करने पर भी जोर दिया जा रहा है।
कार्यक्रम में रामपुर एचपीएस, बायल के समस्त विभागाध्यक्षों सहित अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।



