187 आगजनी की घटनाएं भी शामिल, महज 3 मिनट 37 सेकंड रहा औसत रिस्पांस टाइम
डीजीपी अशोक तिवारी ने ERSS-112 की पूरी टीम के कार्य की सराहना की
एप्पल न्यूज़, शिमला
हिमाचल प्रदेश पुलिस ने इस दिवाली आपातकालीन सेवाओं के संचालन में नया रिकॉर्ड कायम किया है। प्रदेश की इमरजेंसी रिस्पांस सपोर्ट सिस्टम (ERSS-112) ने दिवाली के दिन एक ही दिन में कुल 586 आपातकालीन घटनाओं पर त्वरित कार्रवाई की। ERSS-112 की स्थापना के बाद यह अब तक का सर्वाधिक आंकड़ा है। इन घटनाओं में आगजनी से संबंधित 187 मामले भी शामिल रहे।
त्योहार के दौरान आपातकालीन सेवाओं पर पड़े इस भारी दबाव के बावजूद हिमाचल पुलिस ने महज 3 मिनट 37 सेकंड का औसत इवेंट रिस्पांस टाइम बनाए रखा। यह उपलब्धि ERSS-112 की बेहतर कार्यप्रणाली, प्रभावी समन्वय, रियल टाइम मॉनिटरिंग और आपातकालीन प्रतिक्रिया इकाइयों की त्वरित तैनाती को दर्शाती है।

पुलिस महानिदेशक हिमाचल प्रदेश अशोक तिवारी ने इस उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए ERSS-112 की पूरी टीम को बधाई दी। उन्होंने कॉल टेकर्स, डिस्पैचर्स, सुपरवाइजर्स और फील्ड में तैनात इमरजेंसी रिस्पांस यूनिट के कर्मचारियों के समर्पण और पेशेवर कार्यशैली की सराहना की।
डीजीपी ने कहा कि जब प्रदेश के परिवार दिवाली का त्योहार मना रहे थे, उस समय आपातकालीन सेवाओं से जुड़े पुलिस कर्मी ड्यूटी पर तैनात रहकर लोगों की सहायता में जुटे थे। एक ही दिन में रिकॉर्ड 586 आपातकालीन घटनाओं को संभालना और इसके बावजूद औसत रिस्पांस टाइम को इतना कम बनाए रखना पुलिस कर्मियों की कर्तव्यनिष्ठा, कार्यकुशलता और टीम भावना का प्रमाण है।
उन्होंने कहा कि यह उपलब्धि ERSS-112 की कार्यप्रणाली को लगातार मजबूत बनाने, बेहतर निगरानी, जवाबदेही, तकनीकी एकीकरण और नियमित प्रदर्शन मूल्यांकन के लिए किए जा रहे प्रयासों का परिणाम है।
डीजीपी ने कहा कि किसी भी आपातकालीन सेवा की वास्तविक सफलता केवल प्राप्त होने वाली कॉल की संख्या से नहीं, बल्कि संकट के समय जरूरतमंद नागरिकों तक कितनी जल्दी और प्रभावी ढंग से सहायता पहुंचाई जाती है, इससे आंकी जाती है।
हिमाचल प्रदेश पुलिस ने ERSS-112 को और अधिक त्वरित, विश्वसनीय तथा नागरिक केंद्रित आपातकालीन सेवा बनाने की अपनी प्रतिबद्धता दोहराई है। यह सेवा प्रदेश में 24 घंटे, सातों दिन और साल के 365 दिन उपलब्ध है।




