IMG_20261107_092748
previous arrow
next arrow

लवी मेला के दौरान रामपुर में यातायात व्यवस्था को लेकर आदेश जारी

11 से 30 नवम्बर तक लागू रहेगी यातायात व्यवस्था, भारी वाहनों की आवाजाही बाईपास मार्ग से होगी

प्रेस विज्ञप्ति
अंतरराष्ट्रीय लवी मेला-2026 के दौरान रामपुर में यातायात व्यवस्था को लेकर आदेश जारी

11 से 30 नवम्बर तक लागू रहेगी यातायात व्यवस्था, भारी वाहनों की आवाजाही बाईपास मार्ग से होगी

रामपुर बुशहर, 10 नवम्बर
अंतरराष्ट्रीय लवी मेला-2026 के सफल आयोजन एवं मेले के दौरान यातायात व्यवस्था को सुचारू बनाए रखने के उद्देश्य से उपमंडलाधिकारी (नागरिक) रामपुर हर्ष अमरेंद्र सिंह ने यातायात नियंत्रण एवं वाहनों की आवाजाही को लेकर आदेश जारी किए हैं। जारी आदेशों के अनुसार यह यातायात व्यवस्था 11 नवम्बर से 30 नवम्बर, 2026 तक प्रभावी रहेगी।

भारी वाहनों की आवाजाही एवं पार्किंग व्यवस्था
जारी आदेशों के अनुसार शिमला से किन्नौर तथा किन्नौर से शिमला की ओर जाने वाले सभी भारी वाहनों को, रामपुर बस अड्डे तक आने-जाने वाली बसों को छोड़कर, सतलुज नदी के दाहिने किनारे स्थित वजीर बावड़ी से झाकड़ी तक के बाईपास मार्ग से भेजा जाएगा। इस अवधि के दौरान राष्ट्रीय उच्च मार्ग-05 पर रामपुर नगर परिषद क्षेत्र के अंतर्गत भारी वाहनों की पार्किंग पर पूर्ण प्रतिबंध रहेगा। भारी वाहन खनेरी स्थित एमजीएमएससी अस्पताल से आगे ज्यूरी की ओर तथा वजीर बावड़ी से आगे शिमला की ओर निर्धारित स्थानों पर ही पार्क किए जा सकेंगे।

सामान की लोडिंग एवं अनलोडिंग के लिए समय निर्धारित

चौधरी अड्डा के समीप सामान की लोडिंग एवं अनलोडिंग के लिए रात 8 बजे से सुबह 8 बजे तक की समयावधि निर्धारित की गई है। इस दौरान एक समय में केवल एक वाहन को ही अनुमति होगी तथा यह कार्य पुलिस प्रशासन के दिशा-निर्देशों के अनुसार किया जाएगा।

राष्ट्रीय उच्च मार्ग-05 पर एकतरफा यातायात व्यवस्था
यातायात व्यवस्था को सुचारू बनाए रखने के लिए

राष्ट्रीय उच्च मार्ग-05 पर एकतरफा यातायात व्यवस्था लागू की गई है। इसके तहत किन्नौर की ओर जाने वाले वाहन वजीर बावड़ी से खनेरी तक राष्ट्रीय उच्च मार्ग-05 का प्रयोग करेंगे, जबकि किन्नौर से आने वाले वाहन मेला मैदान के समीप पाट बंगला जंक्शन से गौरा सड़क मार्ग होते हुए पुलिस पोस्ट के समीप पुनः राष्ट्रीय उच्च मार्ग-05 पर पहुंचेंगे।

पार्किंग एवं दुकानें लगाने पर प्रतिबंध

फील्ड हॉस्टल (एचपीएसईबीएल) की ओर जाने वाली सड़क पर किसी भी वाहन की पार्किंग की अनुमति नहीं होगी। इसी प्रकार सतलुज व्यू होटल से सफेद ढांक तक पहाड़ी की ओर किसी को भी दुकान लगाने की अनुमति नहीं होगी। लवी मेला मैदान के समीप पाट बंगला जंक्शन स्थित वेलकम गेट के दोनों ओर 20 मीटर तक किसी भी प्रकार की दुकान लगाने पर भी प्रतिबंध रहेगा।
ऑटो रिक्शा के लिए पिकअप एवं ड्रॉप प्वाइंट निर्धारित
ऑटो रिक्शा के लिए अलग-अलग स्थानों पर पिकअप एवं ड्रॉप प्वाइंट निर्धारित किए गए हैं। खनेरी एवं डकोलर की ओर जाने वाले ऑटो रिक्शा के लिए बुध मंदिर के समीप पिकअप एवं ड्रॉप प्वाइंट निर्धारित किया गया है, जहां एक समय में अधिकतम तीन ऑटो ही खड़े हो सकेंगे।

चौहाबाग एवं खनेरी की ओर जाने वाले ऑटो रिक्शा के लिए एचआरटीसी वर्कशॉप के डायवर्जन प्वाइंट से व्यवस्था रहेगी। खनेरी से मेला मैदान, बुध मंदिर एवं डकोलर की ओर आने वाले ऑटो के लिए एचआरटीसी वर्कशॉप डायवर्जन प्वाइंट से रामपुर की ओर 45 मीटर आगे राष्ट्रीय उच्च मार्ग-05 के बाईं ओर स्थान निर्धारित किया गया है।

डकोलर से आने वाले ऑटो के लिए चौधरी अड्डा स्थित सार्वजनिक शौचालय के समीप तथा डकोलर की ओर जाने वाले ऑटो के लिए रेन शेल्टर/बस स्टॉप के सामने पहले से निर्धारित स्थान पर पिकअप एवं ड्रॉप की व्यवस्था रहेगी। इन दोनों स्थानों पर भी एक समय में अधिकतम तीन ऑटो ही खड़े हो सकेंगे।

बसों के लिए पिकअप एवं ड्रॉप प्वाइंट निर्धारित

किन्नौर की ओर जाने वाली बसों के लिए चौधरी अड्डा से 30 मीटर आगे राजमहल के सामने तथा एचआरटीसी वर्कशॉप डायवर्जन प्वाइंट पर यात्रियों को उतारने एवं बैठाने की व्यवस्था निर्धारित की गई है। वहीं, शिमला की ओर जाने वाली बसों के लिए एचआरटीसी वर्कशॉप डायवर्जन प्वाइंट तथा चौधरी अड्डा के सामने पहले से निर्धारित बस स्टॉप पर पिकअप एवं ड्रॉप की सुविधा उपलब्ध रहेगी।

ब्रो, जगातखाना एवं चाटी के स्थानीय निवासियों के लिए यातायात व्यवस्था

ब्रो, जगातखाना एवं चाटी क्षेत्र के स्थानीय निवासियों को मेला मैदान अथवा रामपुर बाजार आने-जाने के लिए ब्रो-जगातखाना-चाटी-चाटी पुल-एचआरटीसी वर्कशॉप-राष्ट्रीय उच्च मार्ग-05 मार्ग का प्रयोग करना होगा। यह मार्ग ब्रो की ओर से एचआरटीसी बस अड्डे तक एकतरफा रहेगा।

वहीं, रामपुर से ब्रो, जगातखाना एवं चाटी की ओर लौटने वाले स्थानीय वाहन राष्ट्रीय उच्च मार्ग-05 से मिनी सचिवालय-ब्रो पुल मार्ग का प्रयोग करेंगे। हालांकि, 11 से 14 नवम्बर तक सुबह 8 बजे से 10 बजे तथा शाम 4 बजे से 6 बजे तक इस मार्ग पर पैदल यात्रियों की आवाजाही के कारण वाहनों का आवागमन प्रतिबंधित रहेगा। इस दौरान ब्रो की ओर जाने वाले सभी वाहन वजीर बावड़ी मार्ग से होकर जाएंगे।

खोपड़ी से चौहाबाग तक गति सीमा 10 किलोमीटर प्रति घंटा निर्धारित

उपमंडलाधिकारी (नागरिक) हर्ष अमरेंद्र सिंह ने बताया कि खोपड़ी से चौहाबाग तक राष्ट्रीय उच्च मार्ग-05 पर वाहनों की अधिकतम गति सीमा 10 किलोमीटर प्रति घंटा निर्धारित की गई है, ताकि पैदल यात्रियों, रेहड़ी-फड़ी संचालकों एवं दुकानदारों की सुरक्षा सुनिश्चित की जा सके। इसके अतिरिक्त 11 से 30 नवम्बर तक पाट बंगला चौक पर बसों सहित अन्य किसी भी प्रकार के वाहन को रुकने की अनुमति नहीं होगी।
उन्होंने वाहन चालकों, स्थानीय निवासियों एवं आम जनता से अपील की है कि वे मेले के दौरान जारी यातायात व्यवस्था का पालन करें तथा पुलिस एवं प्रशासन का सहयोग करें, ताकि अंतरराष्ट्रीय लवी मेला-2026 का आयोजन सुचारू एवं सुरक्षित ढंग से संपन्न हो सके।
..000..

Share from A4appleNews:

You May Like

Breaking News