file_0000000034e482078c2661b357b797a7
previous arrow
next arrow
file_00000000ff4c8207807eed1db80f639d
previous arrow
next arrow

लवी मेला की सांस्कृतिक संध्याओं में सजेगी संगीत और लोक संस्कृति की महफिल, बाबर मुदस्सर- हेमा सरदेसाई- कुलदीप शर्मा और बब्बू मान होंगे मुख्य आकर्षण

IMG_20261107_092748
previous arrow
next arrow

पहली सांस्कृतिक संध्या का शुभारंभ राज्यपाल कविंद्र गुप्ता करेंगे, अंतिम संध्या में मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविंदर सिंह सुक्खू करेंगे शिरकत

11 से 14 नवंबर तक रामपुर बुशहर में देश-प्रदेश के नामी कलाकारों की प्रस्तुतियों से गूंजेगा लवी मेला

एप्पल न्यूज़, रामपुर बुशहर

अंतर्राष्ट्रीय लवी मेला-2026 की सांस्कृतिक संध्याएं इस बार देश-प्रदेश के नामी कलाकारों की शानदार प्रस्तुतियों से सराबोर रहेंगी। 11 से 14 नवंबर तक आयोजित होने वाली सांस्कृतिक संध्याओं में सूफी, बॉलीवुड, पंजाबी और पहाड़ी संगीत का अनूठा संगम देखने को मिलेगा। मेले की पहली सांस्कृतिक संध्या का शुभारंभ प्रदेश के राज्यपाल कविंद्र गुप्ता करेंगे। वहीं, अंतिम सांस्कृतिक संध्या में प्रदेश के मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविंदर सिंह सुक्खू बतौर मुख्य अतिथि शिरकत करेंगे।

11 नवंबर : राज्यपाल करेंगे पहली सांस्कृतिक संध्या का शुभारंभ

लवी मेले की पहली सांस्कृतिक संध्या 11 नवंबर को आयोजित होगी, जिसका शुभारंभ राज्यपाल कविंद्र गुप्ता करेंगे। इस संध्या का मुख्य आकर्षण सूफी गायक बाबर मुदस्सर की स्टार नाइट रहेगी। इसके अतिरिक्त पहाड़ी गायक डॉनी चौहान, श्री राधा म्यूजिकल ग्रुप रामपुर, ट्विंकल और सुकेती नाटी गायक पॉल सिंह सहित कई स्थानीय एवं पहाड़ी कलाकार अपनी प्रस्तुतियों से दर्शकों का मनोरंजन करेंगे।

12 नवंबर : हेमा सरदेसाई की प्रस्तुति रहेगी आकर्षण

12 नवंबर को आयोजित होने वाली दूसरी सांस्कृतिक संध्या में तकनीकी शिक्षा मंत्री राजेश धर्माणी बतौर मुख्य अतिथि शिरकत करेंगे। इस संध्या का मुख्य आकर्षण बॉलीवुड की प्रसिद्ध प्लेबैक सिंगर हेमा सरदेसाई रहेंगी। उनके साथ पहाड़ी संगीत जगत के लोकप्रिय गायक राजीव शर्मा, रमना भारती, विनोद रांटा, रोहिणी डोगरा, पंकज ठाकुर और डॉ. मदन झालटा सहित कई कलाकार अपनी प्रस्तुतियां देंगे।

13 नवंबर : कुलदीप शर्मा की स्टार नाइट से सजेगी तीसरी सांस्कृतिक संध्या

13 नवंबर को आयोजित होने वाली तीसरी सांस्कृतिक संध्या में लोक निर्माण एवं शहरी विकास मंत्री विक्रमादित्य सिंह बतौर मुख्य अतिथि शिरकत करेंगे। इस पहाड़ी सांस्कृतिक संध्या का मुख्य आकर्षण नाटी किंग कुलदीप शर्मा की स्टार नाइट रहेगी। इसके अतिरिक्त वॉयस ऑफ माउंटेंस के विजेता ऋषभ सल्होत्रा, अंजली नानक, डिम्पल ठाकुर और इंडियन आइडल फेम अनुज शर्मा सहित कई प्रतिभाशाली पहाड़ी गायक अपनी प्रस्तुतियों से समां बांधेंगे।

14 नवंबर : मुख्यमंत्री की मौजूदगी में होगा लवी मेले का समापन, बब्बू मान देंगे प्रस्तुति

लवी मेले की अंतिम सांस्कृतिक संध्या 14 नवंबर को आयोजित होगी, जिसमें मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविंदर सिंह सुक्खू बतौर मुख्य अतिथि शिरकत करेंगे। इस संध्या का सबसे बड़ा आकर्षण पंजाबी संगीत जगत के लोकप्रिय गायक बब्बू मान की प्राइम टाइम प्रस्तुति होगी। इसके अलावा तांत्रा बॉयज, अशोक पालसरा और हिमांशी तंवर सहित कई पहाड़ी कलाकार भी अपनी प्रस्तुतियां देंगे।

अंतिम सांस्कृतिक संध्या के दौरान विभिन्न प्रतियोगिताओं के फाइनल राउंड भी आयोजित किए जाएंगे। इनमें वॉयस ऑफ बुशहर, बुशहर ओपन डांस प्रतियोगिता तथा मिस्टर एंड मिस आइकन ऑफ बुशहर के फाइनल मुकाबले प्रमुख रहेंगे।

अंतर्राष्ट्रीय लवी मेला-2026 की सांस्कृतिक संध्याओं में जहां देश के ख्यातिप्राप्त कलाकार दर्शकों का मनोरंजन करेंगे, वहीं हिमाचल की समृद्ध लोक संस्कृति, पारंपरिक संगीत और स्थानीय प्रतिभाओं को भी मंच प्रदान किया जाएगा। मेले की सांस्कृतिक संध्याएं क्षेत्र की कला, संस्कृति और पर्यटन को बढ़ावा देने के साथ-साथ प्रदेश की सांस्कृतिक विरासत को राष्ट्रीय स्तर पर पहचान दिलाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगी।

Share from A4appleNews:

You May Like

Breaking News