शिमला पुलिस द्वारा नशे के अवैध कारोबार के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत डिटेक्शन सेल, उपमंडल रोहड़ू की टीम ने हाटकोटी के समीप गलू में गश्त के दौरान एक व्यक्ति को लगभग 50 ग्राम चिट्टा (हेरोइन) के साथ गिरफ्तार किया है।
पुलिस के अनुसार, टीम ने स्वतंत्र गवाहों की मौजूदगी में आरोपी की तलाशी ली, जिसमें उसके कब्जे से करीब 50 ग्राम चिट्टा बरामद हुआ। आरोपी की पहचान संजू राही उर्फ माधव (29) पुत्र प्रेम राय, निवासी नेपाल के रूप में हुई है। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर माननीय न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे चार दिन का पुलिस रिमांड मिला है।

पुलिस जांच में आरोपी का पूर्व आपराधिक रिकॉर्ड भी सामने आया है। उसके खिलाफ ND&PS एक्ट के तहत पहले भी दो मामले दर्ज हैं। वर्ष 2020 में पुलिस थाना जुब्बल में उसके कब्जे से 6.5 ग्राम चिट्टा बरामद होने पर मामला दर्ज किया गया था। वहीं, वर्ष 2025 में पुलिस थाना रोहड़ू में कोडीन फॉस्फेट एवं ट्रिप्रोलिडीन HCL युक्त कफ सिरप की 70 बोतलें बरामद होने पर धारा 22 ND&PS एक्ट के तहत मामला दर्ज हुआ था।
इस संबंध में पुलिस थाना जुब्बल में FIR संख्या 60/2026 दिनांक 07 नवंबर 2026 को धारा 21 ND&PS एक्ट के तहत मामला दर्ज किया गया है। पुलिस आरोपी से पूछताछ कर नशे के इस कारोबार से जुड़े अन्य पहलुओं की जांच कर रही है। मामले में आगामी अन्वेषण जारी है।










