एप्पल न्यूज़, ठियोग
ठियोग-हाटकोटी मार्ग पर भुई-हुल्ली के पास पुलिस की कार्रवाई, ND&PS एक्ट की धारा 21 और 29 के तहत मामला दर्ज
शिमला। जिला में नशे के अवैध कारोबार के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत शिमला पुलिस की डिटेक्शन सेल, उपमंडल ठियोग की टीम ने तीन युवकों को चिट्टे के साथ गिरफ्तार किया है। पुलिस ने गुप्त सूचना के आधार पर ठियोग-हाटकोटी मार्ग पर भुई, हुल्ली के समीप एक कार की तलाशी ली। इस दौरान कार की अगली यात्री सीट के नीचे रखे पारदर्शी प्लास्टिक पैकेट से लगभग 6 ग्राम चिट्टा/हेरोइन बरामद हुई।

पुलिस के अनुसार, इस मामले में कोटखाई निवासी तीन युवक संलिप्त पाए गए हैं। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान गुलशन चौहान (27) पुत्र जगदीश चौहान, रितेश धांटा (36) पुत्र रविंद्र धांटा और उज्ज्वल (31) पुत्र सुनील कुमार, तीनों निवासी कोटखाई, जिला शिमला के रूप में हुई है।
पुलिस ने तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। मामले में पुलिस थाना ठियोग में FIR संख्या 171/2026 दिनांक 13 नवंबर 2026 के तहत ND&PS एक्ट की धारा 21 और 29 में मामला दर्ज किया गया है। आरोपियों को माननीय न्यायालय के समक्ष पेश किया जाएगा।
पुलिस मामले में आगामी अन्वेषण कर रही है।










