file_0000000034e482078c2661b357b797a7
previous arrow
next arrow
file_00000000ff4c8207807eed1db80f639d
previous arrow
next arrow

कुल्लू कॉलेज में इसी सत्र से आरंभ होंगी MTA, स्नात्तकोत्तर हिन्दी व संस्कृत, वार्षिक सांस्कृतिक उत्सव ‘सृजन’ में गोविंद ठाकुर ने की घोषणा

IMG_20261107_092748
previous arrow
next arrow

एप्पल न्यूज़, कुल्लू

राजकीय डिग्री महाविद्यालय कुल्लू जिला का सबसे पुराना कॉलेज है। नई राष्ट्रीय शिक्षा नीति के अंतर्गत कॉलेज को जिला का कलस्टर महाविद्यालय बनाया जाएगा। कॉलेज में 5779 छात्र-छात्राएं शिक्षा ग्रहण कर रहे हैं और उनकी मांग को पूरा करते हुए इसी सत्र से एमटीए की कक्षा के साथ-साथ एम.ए. हिन्दी व संस्कृत की कक्षाएं भी आरंभ की जाएंगी।

यह घोषणा शिक्षा व कला, भाषा एवं संस्कृति मंत्री गोविंद सिंह ठाकुर ने रविवार को राजकीय डिग्री महाविद्यालय कुल्लू के 4.47 करोड़ की लागत से निर्मित होने वाले इण्डोर स्टेडियम की आधारशिला रखने तथ 10 लाख लागत के बास्केट बॉल कोर्ट का लोकार्पण करने के उपरांत महाविद्यालय के वार्षिक सांस्कृतिक उत्सव ‘सृजन’ के अवसर पर संबोधित करते हुए कही। उन्होंने कहा कि नये विषयों को आरंभ करने से पूर्व प्राध्यापकों की भर्ती की प्रक्रिया पूरी की जा रही है।


गोविंद ठाकुर ने कहा कि कॉलेज में इण्डोर स्टेडियम की मांग चिरकाल से चली आ रही थी और अब इसके निर्माण के लिये पूरी धनराशि बीएसएनएल को सौंप दी है तथा यह एक साल के भीतर बनकर तैयार हो जाएगा। इससे कॉलेज के हजारों खिलाड़ी विद्यार्थी लाभान्वित होंगे।

उन्होंने कहा कि कॉलेज परिसर में पार्किंग भी बनाकर दी जाएगी। कॉलेज विद्यार्थियों की मांग पर महाविद्यालय में युवाओं के प्रणेता स्वामी विवेकानंद की मूर्ति की स्थापना की जाएगी।

उन्होंने कहा कि कॉलेज को उत्कृष्ट संस्थान का दर्जा प्रदान करने पर एक करोड़ रुपये की धनराशि जारी की गई है जो कॉलेज के विकास के लिये उपयोग की जाएगी।
शिक्षा मंत्री ने कहा कि नई राष्ट्रीय शिक्षा नीति को देश में सबसे पहले हिमाचल प्रदेश में धरातल पर उतारने का तेजी से काम हुआ है। यह नीति ज्ञान, प्रज्ञा और सत्य की खोज के मध्य श्रेष्ठ जीवन यापन को लक्ष्य मानती है। यह नीति संस्कारों को प्राथमिकता प्रदान करती है। शिक्षा ढांचे में मूल-चूक परिवर्तन आएगा। सरकारी और निजी स्कूलों में अंतर नहीं रहेगा। सरकारी स्कूलों में प्री नर्सरी के लिये बच्चे का दाखिला तीन साल की आयु में होगा और 10 जमा दो के बजाए अब 5 जमा 3 जमा 3 जमा 4 साल में स्नात्तक पूरी होगी। 18 साल की आयु में 12वीं कक्षा पास होगी।

विषय कभी भी बदलने का विकल्प रहेगा और पढ़े हुए विषय का डिप्लोमा प्रमाण पत्र अथवा डिग्री मिलेगी। पाठशालाओं में करियर काउंसलर नियुक्त किये जाएंगे जो बच्चों को भविष्य के लिये सही मार्गदर्शन प्रदान कर सकें। उन्होंने कहा कि उच्च शिक्षा बहुआयामी होगी।

मंत्री ने कहा कि प्रदेश का एकमात्र विश्वविद्यालय शिमला में हैं और मण्डी में मुख्यमंत्री ने दूसरा विश्वविद्यालय इसी सत्र से आंरभ करने की घोषणा की है। प्रदेश के मध्य भाग में स्थापित होने वाले इस विश्वविद्यालय से आस-पास के अनेक जिलों के बच्चों को लाभ मिलेगा।
शिक्षा मंत्री ने कहा कि मुख्यमंत्री ने हाल ही में प्रदेश के लिये आगामी वित्त वर्ष के लिये 51000 करोड़ रुपये का बजट प्रस्तुत किया है। इसमें से 8427 करोड़ रुपये यानि 16 प्रतिशत अकेले शिक्षा पर व्यय होंगे। उन्होंने कहा कि विद्यार्थियों को अुनसंधान के लिये हर महीने 3000 रुपये छात्रवृति की पहली बार घोषणा की गई है।
गोविंद ठाकुर ने अभिभावकों से बच्चों को अच्छी शिक्षा प्रदान करने की अपील की। उन्होंने कहा कि एक शिक्षित व्यक्ति जीवन के किसी भी लक्ष्य को हासिल करने की क्षमता रखता है। उन्होंने कहा बच्चे देश का भविष्य है और इन्हें मजबूत बनाने के लिये अच्छी शिक्षा जरूरी है।

उन्होंने युवाओं को नशे से दूर रहने का आह्वान करते हुए कहा कि नौजवान यदि सामाजिक बुराईयों से अपने को दूर रखें तो उनका भविष्य निश्चित तौर पर संवर जाता है। वह आदर्श नागरिक बनकर आदर्श समाज की स्थापना करने में अपनी भूमिका निभाते हैं।
गोविंद ठाकुर ने कहा कि मनाली विधानसभा क्षेत्र के पतलीकूहल में हंस फाउण्डेशन के नाम से मल्टी स्पैशियलिटी अस्पताल खोला जाएगा। अस्पताल में सुपर स्पैशियलिटी चिकित्सा सेवाएं उपलब्ध होंगी। एक और खुलासा करते हुए मंत्री ने कहा कि कुल्लू के आस-पास एक चेरिटेबल अस्पताल बनाया जाएगा। इसमें भी सुपर स्पैशियलिटी चिकित्सा सेवाएं उपलब्ध करवाई जाएंगी। अस्पताल के लिये कम से कम 100 बीघा भूमि की तलाश की जा रही है।
गोविंद ठाकुर ने रूस-यूक्रेन युद्ध का जिक्र करते हुए कहा कि यूक्रेन में भारत के 20 हजार से अधिक बच्चे फंस गए थे। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने संकल्प किया कि एक-एक बच्चे को सुरक्षित भारत लाएंगें इस कार्य के लिये 9 बैठकें बलाई जा चुकी हैं और चार मंत्रियों को अलग-अलग यूक्रेन तथा सीमावर्ती देशों में भेजा है जो बच्चों को वापिस लाने की प्रक्रिया को पूरा करवा कर इन्हें अपने देश भेज रहे हैं।

उन्होंने कहा कि 48 उड़ानों के माध्यम से 10348 बच्चे देश पहुंच चुके हैं तथा अन्यों को सुरक्षित निकालने के पुरजोर प्रयास किये जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि अन्य कोई भी देश अपने बच्चों को लाने के लिये किसी प्रकार के प्रयास नहीं कर रहा है।
बंजार के विधायक सुरेन्द्र शौरी ने कहा कि कॉलेज का वार्षिक उत्सव छात्र-छात्राओं को अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन करने के लिये एक बेहतर मंच होता है। उन्होंने कहा कि विद्यार्थीकाल जीवन का सबसे सुनहरा समय होता है और इसका सदुपयोग किया जाना चाहिए।

उन्होंने युवाओं से नशीले पदार्थों के सेवन से बचने का आहवान करते हुए कहा कि आज के दौर में यह बुराई तेजी के साथ फैल रही है जो युवाओं को बर्वाद कर रही है। उन्होंने कहा कि युवाओं को अपनी ऊर्जा सकारात्मक व रचनात्मक कार्यों में लगानी चाहिए। किसी न किसी खेल में भाग लेकर अपने को नशे के सेवन से दूर रखना चाहिए।
इससे पूर्व, कॉलेज के प्राचार्य डॉ. रोशन लाल ने स्वागत किया तथा मंत्री को सम्मानित भी किया। उन्होंने कॉलेज की गतिविधियों का ब्यौरा प्रस्तुत किया।
कॉलेज के छात्र-छात्राओं ने एक से बढ़कर एक सांस्कृतिक प्रस्तुतियों से दर्शकों का मन मोह लिया और सृजन को सार्थक कर दिया।
मंत्री की धर्मपत्नी रजनी ठाकुर, पूर्व सांसद महेश्वर सिंह, प्रदेश भाजपा उपाध्यक्ष धनेश्वरी ठाकुर, हिमबुनकर के अध्यक्ष शिव शरण चौहान, भाजपा जिला सचिव तरूण बिमल, जनजातीय मोर्चा के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष युवराज बोद्ध, कुल्लू भाजपा अध्यक्ष ठाकुर चंद, पीटीए अध्यक्ष श्याम कुल्लवी के अलावा गणमान्य अतिथियों में मनीषा सूद, वर्षा ठाकुर, रूकमणी, मुकेश ठाकुर, अरूण कम्बोज, रेखा गुलरिया, अनिता शर्मा, सनयना शर्मा, माला ठाकुर, भगत राम ठाकुर, बिमला ठाकुर, कॉलेज के प्राध्यापक व बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं सृजन में उपस्थित रहीं।

Share from A4appleNews:

Next Post

"FIR की काॅपी जालाएँगे-पुरानी पेंशन को वापस लाएँगे" नारे के साथ 8 मार्च को सभी कार्यालय व विद्यालयों के बाहर NPS कर्मी करेंगे विरोध

Mon Mar 7 , 2022
8 मार्च को दोपहर भोजन के समय 11:30 से 2:00 बजे के बीच अपने कार्यालय/विद्यालय के समक्ष हिमाचल प्रदेश सरकार के द्वारा की गई FIR की कॉपी को जलाएंगे कर्मचारी एप्पल न्यूज़, शिमला 3 मार्च को अपनी न्यायोचित मांग को पूरा कराने के लिए शिमला विधानसभा तक पदयात्रा कर शांतिपूर्ण […]

You May Like

Breaking News