रोहड़ू आभूषण बाजार में वन विभाग की बड़ी छापेमारी, तेंदुए के नाखून-दांत जब्त
एप्पल न्यूज़, रोहड़ू
वन्यजीव संरक्षण कानून के तहत रोहड़ू में वन विभाग ने बड़ी और चौंकाने वाली कार्रवाई की है। गुप्त सूचना के आधार पर की गई छापेमारी में शहर के विभिन्न बाजारों में स्थित 6 ज्वैलरी दुकानों से तेंदुए के 85 नाखून, 5 दांत और कुछ दुर्लभ पक्षियों के पंख बरामद किए गए हैं।
वन मंडल अधिकारी (DFO) रोहड़ू एन. रविशंकर ने कार्रवाई की पुष्टि करते हुए बताया कि जब्त की गई सभी सामग्री वन्यजीव संरक्षण अधिनियम, 1972 के तहत प्रतिबंधित है। उन्होंने कहा कि तेंदुआ संरक्षित वन्यजीव की श्रेणी में आता है और उसके अंगों का संग्रह, बिक्री या आभूषणों में उपयोग करना गंभीर अपराध है, जिसके लिए कड़े दंड का प्रावधान है।
प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि कुछ दुकानदार तेंदुए के नाखून और दांतों का उपयोग ताबीज, लॉकेट और आभूषण तैयार करने में कर रहे थे। इन वस्तुओं को अंधविश्वास से जोड़कर ग्राहकों को बेचा जा रहा था। वन विभाग ने जब्त सामग्री को कब्जे में लेकर संबंधित दुकानदारों के खिलाफ कानूनी प्रक्रिया शुरू कर दी है।
DFO ने आम जनता से अपील की है कि वे अंधविश्वास से प्रेरित ऐसे उत्पादों से दूर रहें और यदि कहीं भी वन्यजीवों से जुड़े अवैध कारोबार की जानकारी मिले तो तुरंत वन विभाग को सूचित करें। उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि वन्यजीव तस्करी और अवैध शिकार पर रोक लगाने के लिए आगे भी ऐसे अभियान लगातार जारी रहेंगे।
Slider
अपराध-हादसे
नेशनल न्यूज
वन एवं वन्यप्राणी Forest & WildLife
विशेष ख़बर
शिमला
सामाजिक सरोकार
हिमाचल प्रदेश






