एप्पल न्यूज़, शिमला
हिमाचल प्रदेश के लिए गर्व की खबर है। राज्य सिविल सेवा के अधिकारी अक्षय सूद को भारतीय प्रशासनिक सेवा (IAS) में पदोन्नत किया गया है।
केंद्र सरकार के कार्मिक, लोक शिकायत एवं पेंशन मंत्रालय के कार्मिक एवं प्रशिक्षण विभाग (DoPT) ने इस संबंध में आधिकारिक अधिसूचना जारी कर दी है। इसके साथ ही अक्षय सूद अब औपचारिक रूप से आईएएस अधिकारी बन गए हैं।
अक्षय सूद हिमाचल प्रदेश प्रशासनिक सेवा (HAS) के अधिकारी हैं और उन्हें सिलेक्ट लिस्ट 2024 के तहत भारतीय प्रशासनिक सेवा में शामिल किया गया है।
यह नियुक्ति राज्य सिविल सेवा से आईएएस में पदोन्नति की प्रक्रिया के तहत की गई है, जिसमें वरिष्ठता, सेवा रिकॉर्ड और चयन समिति की सिफारिशों के आधार पर अधिकारियों का चयन होता है।

गौरतलब है कि वर्ष 2024 के लिए हिमाचल प्रदेश कैडर में राज्य सिविल सेवा से आईएएस में पदोन्नति के लिए केवल एक ही पद उपलब्ध था।
इस एकमात्र रिक्ति के लिए अक्षय सूद का चयन किया गया। यह रिक्ति 1 जनवरी 2024 से 31 दिसंबर 2024 के बीच उत्पन्न पदों के आधार पर निर्धारित की गई थी।
केंद्र सरकार की अधिसूचना के अनुसार, अक्षय सूद को फिलहाल प्रोबेशन (परिवीक्षा) पर आईएएस में नियुक्त किया गया है। उन्हें हिमाचल प्रदेश कैडर ही आवंटित किया गया है, यानी वे आगे भी राज्य में ही प्रशासनिक सेवाएं देते रहेंगे।
अक्षय सूद लंबे समय से हिमाचल प्रदेश प्रशासनिक सेवा में अपनी जिम्मेदारियां निभा रहे हैं और विभिन्न प्रशासनिक पदों पर कार्य करते हुए उन्होंने अपनी कार्यकुशलता का परिचय दिया है। उनकी इस पदोन्नति को हिमाचल प्रशासनिक सेवा के अधिकारियों के लिए भी प्रेरणादायक माना जा रहा है।
आईएएस में पदोन्नति मिलने पर प्रशासनिक अधिकारियों और उनके शुभचिंतकों ने उन्हें बधाई दी है। राज्य के प्रशासनिक ढांचे में यह पदोन्नति एक महत्वपूर्ण उपलब्धि मानी जा रही है।






