कुलगांव में धार्मिक आयोजन में चली गोली से महिला की मौत, SDM रोहड़ू ने किया शोक व्यक्त, धार्मिक आयोजनों में “हथियारों” पर सख्त “प्रतिबंध” के निर्देश

IMG_20260414_194415
previous arrow
next arrow

एप्पल न्यूज़, रोहड़ू

उपमंडलाधिकारी (नागरिक) रोहड़ू, धर्मेश रामौत्रा ने कुलगांव में आयोजित एक धार्मिक अनुष्ठान के दौरान हवाई फायरिंग की घटना में एक महिला की हुई दुखद मृत्यु पर गहरा शोक एवं संवेदना व्यक्त की है।

उन्होंने शोक संतप्त परिवार के प्रति अपनी संवेदनाएं प्रकट करते हुए ईश्वर से दिवंगत आत्मा की शांति तथा परिजनों को इस कठिन समय में धैर्य प्रदान करने की प्रार्थना की।

उपमंडलाधिकारी ने बताया कि उक्त धार्मिक आयोजन को लेकर पूर्व में एक समन्वय बैठक आयोजित की गई थी, जिसमें कार्यक्रम के दौरान किसी भी प्रकार के हथियार का प्रयोग न करने के स्पष्ट एवं सख्त निर्देश दिए गए थे। इसके बावजूद हुई यह घटना अत्यंत दुर्भाग्यपूर्ण एवं चिंताजनक है।

उन्होंने क्षेत्र के समस्त नागरिकों से अपील की कि धार्मिक एवं सामाजिक आयोजनों के दौरान किसी भी प्रकार के हथियार साथ न लाएं और न ही उनका प्रयोग करें, ताकि जनसुरक्षा सुनिश्चित की जा सके तथा भविष्य में इस प्रकार की घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकी जा सके।

इसके साथ ही उन्होंने पुलिस प्रशासन को निर्देश दिए कि भविष्य में यदि कोई व्यक्ति नियमों के विरुद्ध जाकर आग्नेय शस्त्रों का प्रदर्शन करता है, तो उसके शस्त्र को तत्काल प्रभाव से जब्त किया जाए तथा संबंधित लाइसेंस को निरस्त किया जाए।

उपमंडलाधिकारी ने जानकारी दी कि कुलगांव में हुई इस घटना के संबंध में पुलिस प्रशासन द्वारा प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है तथा आरोपी को गिरफ्तार कर आगे की विधिक कार्रवाई अमल में लाई जा रही है।

उन्होंने कहा कि प्रशासन जनसुरक्षा के प्रति पूर्णतः प्रतिबद्ध है और ऐसे मामलों में सख्त कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।

मुख्यमंत्री ने धार्मिक समारोह में महिला के निधन पर गहरा शोक व्यक्त किया

मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविन्द्र सिंह सुक्खू ने शिमला ज़िला के रोहड़ू उपमंडल के कुल गांव में एक धार्मिक समारोह के दौरान एक महिला की मृत्यु पर शोक व्यक्त किया है।

मुख्यमंत्री ने ज़िला प्रशासन के अधिकारियों से फ़ोन पर इस हादसे के बारे में जानकारी ली तथा निर्देश दिए कि दोषियों के विरूद्ध कड़ी कार्रवाई की जाए।
उन्होंने शोक संतप्त परिवार के प्रति संवेदना व्यक्त की तथा ईश्वर से दिवंगत की आत्मा को शांति और परिवार को इस दुःख को सहन करने की शक्ति प्रदान करने की प्रार्थना की।

Share from A4appleNews:

Next Post

शिमला की धरेच बनी प्रदेश की पहली "ग्रीन पंचायत", मुख्यमंत्री ने 500 किलो वाट सौर ऊर्जा संयंत्र का किया शुभारंभ

Mon Apr 27 , 2026
एप्पल न्यूज़, शिमला हिमाचल प्रदेश में ग्रीन पंचायत परियोजना अब धरातल पर साकार होने लगी है। शिमला ज़िला के कसुम्पटी विधानसभा क्षेत्र की धरेच ग्राम पंचायत प्रदेश की पहली ऐसी ग्रीन पंचायत बन गई है, जिसमें 500 किलोवाट क्षमता की सौर ऊर्जा परियोजना ने सफलतापूर्वक उत्पादन आरंभ कर दिया है। […]

You May Like