एप्पल न्यूज़, शिमला
दिल्ली-रोहड़ू रूट पर चलने वाली HRTC वोल्वो बस के चालक के साथ मारपीट के मामले में पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है।
बताया जा रहा है कि ओवरटेक को लेकर हुए विवाद के बाद चालक और कुछ लोगों के बीच कहासुनी हुई, जो बाद में मारपीट में बदल गई। घटना में चालक घायल हो कहना मारपीट करने वाले हरियाणा के युवक बताए जा रहे हैं।

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस ने मामले की जांच शुरू की और आरोपियों की पहचान कर उन्हें हिरासत में ले लिया। पुलिस का कहना है कि मामले में आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी की जा रही है और घटना से जुड़े सभी पहलुओं की जांच जारी है।
इस घटना के बाद HRTC कर्मचारियों और विभिन्न कर्मचारी संगठनों में नाराजगी देखी गई। कर्मचारी संगठनों ने चालक के साथ हुई मारपीट की कड़ी निंदा करते हुए दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग उठाई।
संगठनों का कहना है कि सार्वजनिक परिवहन सेवाओं से जुड़े चालक और परिचालक चुनौतीपूर्ण परिस्थितियों में अपनी जिम्मेदारियां निभाते हैं, ऐसे में उनकी सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता दी जानी चाहिए।
कर्मचारियों ने प्रशासन और संबंधित विभागों से मांग की है कि भविष्य में इस प्रकार की घटनाओं को रोकने के लिए प्रभावी सुरक्षा उपाय लागू किए जाएं, ताकि परिवहन कर्मी सुरक्षित माहौल में अपनी सेवाएं दे सकें।
पुलिस द्वारा दो आरोपियों की गिरफ्तारी के बाद मामले में महत्वपूर्ण प्रगति मानी जा रही है। हालांकि जांच पूरी होने के बाद ही घटना के सभी तथ्यों की स्पष्ट तस्वीर सामने आ सकेगी।






