एप्पल न्यूज़, नौणी/ सोलन
बागवानी उत्पादों का मूल्य संवर्धन कर किसानों और युवाओं को स्वरोजगार से जोड़ने की दिशा में डॉ. यशवंत सिंह परमार औद्यानिकी एवं वानिकी विश्वविद्यालय (यूएचएफ), नौणी ने तीन माह का वाइन मेकिंग (Wine Making) व्यावसायिक पाठ्यक्रम शुरू किया है। विश्वविद्यालय ने इस कोर्स के लिए आवेदन आमंत्रित किए हैं।
इसका उद्देश्य फल उत्पादकों, कृषि उद्यमियों और ग्रामीण युवाओं को वैज्ञानिक तरीके से वाइन निर्माण का प्रशिक्षण देकर स्वरोजगार के अवसर उपलब्ध कराना है।
पाठ्यक्रम में प्रतिभागियों को फलों के चयन, रस निष्कर्षण, फर्मेंटेशन (किण्वन), यीस्ट कल्चर प्रबंधन, क्लैरिफिकेशन, फिल्ट्रेशन, मैच्युरेशन, ब्लेंडिंग, बॉटलिंग, पाश्चुरीकरण और गुणवत्ता परीक्षण सहित वाइन निर्माण की पूरी प्रक्रिया का सैद्धांतिक एवं व्यावहारिक प्रशिक्षण दिया जाएगा। साथ ही भौतिक-रासायनिक और सूक्ष्मजीव विज्ञान से जुड़े पहलुओं की भी जानकारी दी जाएगी।

कोर्स के दौरान गुड मैन्युफैक्चरिंग प्रैक्टिसेज (GMP), गुड हाइजीन प्रैक्टिसेज (GHP), गुणवत्ता नियंत्रण, पैकेजिंग, लेबलिंग, भंडारण और लघु वाइनरी स्थापित करने एवं संचालन का भी प्रशिक्षण दिया जाएगा, ताकि प्रशिक्षु अपना उद्यम स्थापित कर सकें।
विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो. एच.एस. बवेजा ने कहा कि हिमाचल प्रदेश में गुणवत्तापूर्ण फलों की भरपूर उपलब्धता है, लेकिन विपणन और कटाई के बाद होने वाले नुकसान के कारण किसानों को आर्थिक हानि उठानी पड़ती है।
वैज्ञानिक प्रसंस्करण और मूल्य संवर्धन के माध्यम से इन चुनौतियों को रोजगार और आय के अवसरों में बदला जा सकता है। उन्होंने कहा कि विश्वविद्यालय का उद्देश्य ऐसे कुशल उद्यमी तैयार करना है जो स्थानीय फलों से उच्च मूल्य वाले उत्पाद बनाकर किसानों की आय बढ़ाने और कृषि-प्रसंस्करण क्षेत्र को मजबूत करने में योगदान दें।
पाठ्यक्रम से जुड़ी प्रमुख जानकारी
कुल सीटें: 10
न्यूनतम योग्यता: 10+2 या समकक्ष परीक्षा में न्यूनतम 40% अंक
प्राथमिकता: स्नातक एवं स्नातकोत्तर अभ्यर्थियों को
पाठ्यक्रम शुल्क: ₹18,000
आवेदन की अंतिम तिथि: 8 अगस्त 2026
काउंसलिंग: 14 अगस्त 2026
पाठ्यक्रम प्रारंभ: 20 अगस्त 2026
इच्छुक अभ्यर्थी विश्वविद्यालय की वेबसाइट से आवेदन पत्र डाउनलोड कर आवश्यक दस्तावेजों और ₹100 के डिमांड ड्राफ्ट/आईपीओ के साथ हेड, डिपार्टमेंट ऑफ फूड साइंस एंड टेक्नोलॉजी, कॉलेज ऑफ हॉर्टिकल्चर, डॉ. वाई.एस. परमार औद्यानिकी एवं वानिकी विश्वविद्यालय, नौणी, जिला सोलन (हिमाचल प्रदेश)-173230 के पते पर पंजीकृत डाक या स्पीड पोस्ट के माध्यम से भेज सकते हैं। आवेदन व्यक्तिगत रूप से भी विभाग में जमा किए जा सकते हैं। कूरियर से भेजे गए आवेदन स्वीकार नहीं किए जाएंगे।
अधिक जानकारी के लिए अभ्यर्थी 01792-252410 पर संपर्क कर सकते हैं या hodfst@uhf.ac.in पर ईमेल भेज सकते हैं।






