डॉ. परमार की 120वीं जयंती पर मुख्यमंत्री बोले— उनकी नीतियों को धरातल पर उतारने के लिए सरकार प्रतिबद्ध

IMG_20260514_180822
previous arrow
next arrow

एप्पल न्यूज़, शिमला

हिमाचल प्रदेश के प्रथम मुख्यमंत्री एवं हिमाचल निर्माता डॉ. यशवंत सिंह परमार की 120वीं जयंती पर विधानसभा परिसर में आयोजित समारोह में मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविंद्र सिंह सुक्खू ने कहा कि प्रदेश सरकार डॉ. परमार की दूरदर्शी सोच और नीतियों को धरातल पर उतारने के लिए प्रतिबद्ध है।

उन्होंने कहा कि उनकी नीतियों का प्रभावी क्रियान्वयन ही उन्हें सच्ची श्रद्धांजलि होगी।
मुख्यमंत्री ने कहा कि डॉ. परमार ने हिमाचल को पूर्ण राज्य का दर्जा दिलाने में ऐतिहासिक भूमिका निभाई और आधुनिक, शिक्षित तथा समृद्ध हिमाचल का सपना देखा था।

उन्होंने बताया कि राज्य 99.30 प्रतिशत साक्षरता दर के साथ पूर्ण साक्षर राज्य बन चुका है। सरकार ने 156 सरकारी स्कूलों को सीबीएसई से संबद्ध किया है और प्रत्येक विधानसभा क्षेत्र में राजीव गांधी राजकीय आदर्श डे-बोर्डिंग स्कूल खोले जा रहे हैं। साथ ही ‘डॉ. वाई.एस. परमार विद्यार्थी ऋण योजना’ के तहत मात्र 1 प्रतिशत ब्याज पर 20 लाख रुपये तक का शिक्षा ऋण उपलब्ध कराया जा रहा है।
सुक्खू ने कहा कि डॉ. परमार का मानना था कि हिमाचल का विकास गांवों के विकास से ही संभव है। इसी सोच के अनुरूप सरकार प्राकृतिक खेती, स्वरोजगार और ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूत करने पर विशेष जोर दे रही है। उन्होंने कहा कि गांवों में शिक्षा, स्वास्थ्य, सड़क और अन्य सुविधाओं का विस्तार कर पलायन रोकने के प्रयास किए जा रहे हैं।
मुख्यमंत्री ने सत्ता पक्ष और विपक्ष से प्रदेश हित में मिलकर काम करने की अपील करते हुए कहा कि हिमाचल के अधिकारों की रक्षा और वर्ष 2032 तक राज्य को समृद्ध बनाने के लिए सभी को एकजुट होकर प्रयास करना होगा।
विधानसभा अध्यक्ष कुलदीप सिंह पठानिया ने कहा कि डॉ. परमार के दूरदर्शी नेतृत्व के कारण आज हिमाचल शिक्षा, स्वास्थ्य और सामाजिक विकास सहित कई क्षेत्रों में देश के अग्रणी राज्यों में शामिल है।
नेता प्रतिपक्ष जय राम ठाकुर ने डॉ. परमार के योगदान को याद करते हुए कहा कि उन्होंने हिमाचल को अलग पहचान दिलाने के लिए संघर्ष किया और सड़क नेटवर्क के विस्तार को विशेष प्राथमिकता दी। उन्होंने कहा कि डॉ. परमार के विचार नई पीढ़ी के लिए प्रेरणास्रोत हैं।
समारोह के दौरान मुख्यमंत्री ने डॉ. परमार के जीवन पर आधारित छायाचित्र प्रदर्शनी का अवलोकन किया तथा सूचना एवं जनसंपर्क विभाग द्वारा निर्मित वृत्तचित्र का प्रदर्शन भी किया गया। इस अवसर पर विधानसभा सचिवालय द्वारा प्रकाशित पुस्तकों का विमोचन तथा विधानसभा परिसर में पौधरोपण भी किया गया। कार्यक्रम में उपमुख्यमंत्री मुकेश अग्निहोत्री, मंत्रीगण, विधायक, वरिष्ठ अधिकारी और अन्य गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे।

Share from A4appleNews:

Next Post

हिमाचल सरकार लाएगी नई "स्वास्थ्य बीमा नीति", गरीब परिवारों के लिए उपलब्ध होगी बेहतरीन उपचार सुविधा- CM

Tue Aug 4 , 2026
एप्पल न्यूज़, शिमला मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविन्द्र सिंह सुक्खू ने आज यहां स्वास्थ्य विभाग की उच्च स्तरीय बैठक की अध्यक्षता करते हुए कहा कि प्रदेश सरकार राज्य के गरीब परिवारों को इलाज की बेहतरीन सुविधा उपलब्ध करवाने के लिए नई स्वास्थ्य बीमा नीति लाने जा रही है। इस नीति के अंतर्गत […]

You May Like

Breaking News