स्पीति की शैक्षणिक यात्रा से लौटे जीबी पंत महाविद्यालय रामपुर के विद्यार्थी

एप्पल न्यूज़, रामपुर बुशहर

जी.बी. पंत मेमोरियल राजकीय महाविद्यालय रामपुर के शिक्षा विभाग के तृतीय वर्ष के विद्यार्थियों ने 18 से 20 सितंबर 2026 तक तीन दिवसीय शैक्षणिक भ्रमण किया। विभागाध्यक्ष डॉ. अजेंद्र नेगी के मार्गदर्शन में तथा सहायक प्रोफेसर हेमलता के सहयोग से आयोजित इस यात्रा के दौरान विद्यार्थियों ने स्पीति घाटी के विभिन्न ऐतिहासिक, भौगोलिक और सांस्कृतिक स्थलों का प्रत्यक्ष अध्ययन किया।


विद्यार्थियों ने काजा, लांगजा, हिक्किम, कोमिक, ताबो और ग्यू का भ्रमण किया। लांगजा में उन्होंने प्राचीन जीवाश्मों का अवलोकन किया और क्षेत्र की भू-वैज्ञानिक विशेषताओं की जानकारी प्राप्त की। हिक्किम में विश्व के सबसे ऊंचे डाकघरों में शामिल डाकघर का दौरा किया, जबकि कोमिक में ऊंचाई वाले दुर्गम हिमालयी क्षेत्र और स्थानीय जीवनशैली को करीब से समझा।
यात्रा के दौरान विद्यार्थियों ने ताबो के लगभग 1100 वर्ष पुराने ऐतिहासिक मठ का भ्रमण कर क्षेत्र की बौद्ध सांस्कृतिक एवं ऐतिहासिक विरासत के बारे में जानकारी हासिल की। वहीं ग्यू में उन्होंने प्रसिद्ध प्राचीन ममी का अवलोकन किया। इन स्थलों के माध्यम से विद्यार्थियों ने स्पीति की प्राकृतिक परिस्थितियों, इतिहास, संस्कृति, जनजातीय जीवन और भौगोलिक विशेषताओं का प्रत्यक्ष अनुभव प्राप्त किया।
डॉ. अजेंद्र नेगी ने कहा कि शैक्षणिक भ्रमण विद्यार्थियों को पुस्तकीय ज्ञान को वास्तविक परिस्थितियों से जोड़ने और अनुभवात्मक अधिगम के माध्यम से सीखने का अवसर प्रदान करते हैं। प्रोफेसर हेमलता ने भी विद्यार्थियों को भ्रमण के दौरान प्राप्त अनुभवों को अपने अध्ययन से जोड़ने के लिए प्रेरित किया।
विद्यार्थियों ने तीन दिवसीय शैक्षणिक यात्रा को ज्ञानवर्धक एवं यादगार बताते हुए कहा कि स्पीति की ऐतिहासिक, सांस्कृतिक और प्राकृतिक विविधता को प्रत्यक्ष रूप से समझने का अनुभव उनके शैक्षणिक ज्ञान को समृद्ध करने वाला रहा।

Share from A4appleNews:

You May Like

Breaking News