राज्यपाल ने युवाओं से रोजगार तलाशने के बजाय रोजगार प्रदाता बनने का किया आह्वान
एप्पल न्यूज़, शिमला
राज्यपाल कविन्द्र गुप्ता ने हमीरपुर के राजकीय बहुतकनीकी संस्थान के छात्र सर्वेश शर्मा को भारतीय सेना के लिए स्वदेशी ‘रुद्र एज टी-1 (स्पेक्ट्रा)’ ड्रोन विकसित करने तथा इस परियोजना के लिए रक्षा मंत्रालय से 3.5 करोड़ रुपये की अनुदान राशि प्राप्त करने पर सम्मानित किया।
राज्यपाल ने सर्वेश शर्मा की उपलब्धि की सराहना करते हुए कहा कि यह हिमाचल प्रदेश के युवाओं की प्रतिभा, नवाचार की भावना और तकनीकी क्षमता का परिचायक है। उन्होंने स्वदेशी रक्षा तकनीक के विकास में योगदान के लिए सर्वेश शर्मा के समर्पण, दूरदर्शिता और दृढ़ता की प्रशंसा की।

उन्होंने कहा कि इस प्रकार की उपलब्धियां आत्मनिर्भर भारत की भावना को साकार करने के साथ-साथ रक्षा क्षेत्र में स्वदेशी तकनीकी क्षमताओं के विकास को गति देती हैं।
राज्यपाल ने सर्वेश शर्मा से संवाद के दौरान ड्रोन की प्रमुख विशेषताओं, इसके विकास के दौरान सामने आई चुनौतियों तथा परियोजना शुरू करने की प्रेरणा के बारे में जानकारी ली। उन्होंने स्वदेशी ड्रोन तकनीक को और अत्याधुनिक बनाने की भविष्य की योजनाओं पर भी चर्चा की।
कविन्द्र गुप्ता ने प्रदेश के युवाओं का आह्वान किया कि वे सर्वेश शर्मा की उपलब्धि से प्रेरणा लेकर नवाचार, अनुसंधान, प्रौद्योगिकी और उद्यमिता के क्षेत्र में आगे बढ़ें। उन्होंने कहा कि युवाओं को केवल रोजगार प्राप्त करने तक सीमित नहीं रहना चाहिए, बल्कि रोजगार प्रदाता बनने का लक्ष्य निर्धारित करना चाहिए। उन्होंने युवाओं से प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के आत्मनिर्भर एवं विकसित भारत की परिकल्पना को साकार करने में योगदान देने का आग्रह किया।
राज्यपाल ने सर्वेश शर्मा को उनकी भविष्य की योजनाओं के लिए शुभकामनाएं दीं। इस अवसर पर उपायुक्त हमीरपुर गंधर्वा राठौर और पुलिस अधीक्षक बलबीर सिंह भी उपस्थित रहे।



