रामपुर के 2 NDPS मामलों में करीब 17.5 लाख की संपत्ति व राशि जब्त, 2026 में 12.5 करोड़ से अधिक की संपत्तियां सीज़


रामपुर केनशा तस्करों की कमर तोड़ने में जुटी शिमला पुलिस, 2026 में ₹12.5 करोड़ से अधिक की संपत्तियां सीज़

एप्पल न्यूज़, शिमला
शिमला पुलिस ने नशा तस्करी के खिलाफ कार्रवाई को केवल आरोपियों की गिरफ्तारी और मादक पदार्थों की बरामदगी तक सीमित न रखते हुए अब नशे के अवैध कारोबार से अर्जित संपत्तियों और धनराशि पर भी शिकंजा कसना शुरू कर दिया है। वर्ष 2026 में अब तक एनडीपीएस मामलों में की गई फाइनेंशियल इन्वेस्टीगेशन के आधार पर ₹12.5 करोड़ से अधिक मूल्य की चल-अचल एवं वित्तीय संपत्तियां सीज़ की जा चुकी हैं। इसी कड़ी में रामपुर पुलिस थाना के दो मामलों में करीब ₹17.5 लाख की संपत्ति एवं धनराशि पर कार्रवाई की गई है।
कुडीधार में 31 ग्राम चिट्टा और नकदी बरामद, पांच आरोपी गिरफ्तार
पुलिस थाना रामपुर में दर्ज एफआईआर संख्या 52/2025 के अनुसार, 13 मई 2025 को रामपुर के कुडीधार क्षेत्र में डिटेक्टिव टीम को सूचना मिली थी कि एक किराये के कमरे में कुछ व्यक्ति चिट्टा/हेरोइन की खरीद-फरोख्त में संलिप्त हैं। सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने मौके पर दबिश देकर तलाशी ली। इस दौरान 31 ग्राम चिट्टा/हेरोइन और ₹50,400 नकद बरामद किए गए तथा पांच आरोपियों को गिरफ्तार किया गया।


मामले की आगे की जांच में पुलिस ने आरोपियों के बैंकिंग लेन-देन, वित्तीय गतिविधियों और संपत्तियों का विस्तृत विश्लेषण किया। फाइनेंशियल इन्वेस्टीगेशन के दौरान करीब ₹9.5 लाख मूल्य की ऐसी संपत्तियों की पहचान की गई, जिनके संबंध में कोई वैध आय स्रोत सामने नहीं आया और जो प्रथम दृष्टया नशे के अवैध कारोबार से जुड़ी पाई गईं। इनमें एक गाड़ी, एक मोटरसाइकिल और एक स्कूटी शामिल हैं। पुलिस द्वारा इन संपत्तियों को नियमानुसार सीज़ किया गया है।
2.5 किलोग्राम चरस के साथ आरोपी गिरफ्तार, ₹8 लाख की राशि सीज़
वहीं, पुलिस थाना रामपुर में दर्ज एफआईआर संख्या 64/2025 में 25 जून 2025 को नोगली बाजार स्थित बजीर बावड़ी रैन शेल्टर के पास पुलिस ने कार्रवाई करते हुए मनसा राम उर्फ मनीष को करीब 2.5 किलोग्राम चरस के साथ गिरफ्तार किया था।
इस मामले में भी पुलिस ने मादक पदार्थ की बरामदगी और गिरफ्तारी के बाद आरोपी की वित्तीय गतिविधियों की जांच की। बैंक एवं डाकघर खातों सहित अन्य वित्तीय लेन-देन का विश्लेषण करने पर करीब ₹8 लाख की धनराशि प्रथम दृष्टया नशा तस्करी से जुड़ी पाई गई। उक्त धनराशि को भी नियमानुसार सीज़ किया गया है।
2026 में वित्तीय कार्रवाई में तेजी
शिमला पुलिस के अनुसार, वर्ष 2026 में अब तक एनडीपीएस मामलों में फाइनेंशियल इन्वेस्टीगेशन के माध्यम से ₹12.5 करोड़ से अधिक मूल्य की चल-अचल एवं वित्तीय संपत्तियां सीज़ की जा चुकी हैं। पुलिस का फोकस अब नशे के कारोबार से जुड़े आर्थिक नेटवर्क की पहचान करने और अवैध कारोबार से अर्जित संपत्तियों पर कानूनी कार्रवाई करने पर भी है।
इसके विपरीत, पुलिस के उपलब्ध आंकड़ों के अनुसार वर्ष 2024 और 2025 के दौरान एनडीपीएस मामलों में इस प्रकार की फाइनेंशियल इन्वेस्टीगेशन नहीं की गई थी तथा इन दोनों वर्षों में ऐसी अवैध संपत्तियों को सीज़ करने की कार्रवाई दर्ज नहीं हुई।
इस तरह नशा तस्करी के खिलाफ शिमला पुलिस की कार्रवाई में अब मादक पदार्थों की बरामदगी, आरोपियों की गिरफ्तारी के साथ-साथ तस्करों के आर्थिक नेटवर्क और अवैध संपत्तियों को निशाना बनाने पर भी जोर दिया जा रहा है।

Share from A4appleNews:

You May Like

Breaking News