IMG-20261001-WA0025
previous arrow
next arrow

कुमारसैन में महिलाओं से मिर्च पाउडर डालकर आभूषण लूटने की 3 वारदातें सुलझीं, आरोपी गिरफ्तार

शिमला पुलिस ने तकनीकी साक्ष्यों और ह्यूमन इंटेलिजेंस के आधार पर जम्मू-कश्मीर निवासी आरोपी को नूरपुर से पकड़ा
एप्पल न्यूज़, कुमारसैन/शिमला

जिला शिमला पुलिस ने महिलाओं की आंखों में मिर्च पाउडर डालकर सोने के आभूषण छीनने की तीन वारदातों को सुलझाते हुए एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। आरोपी की पहचान जेल सिंह पुत्र करण सिंह, निवासी जिला डोडा, जम्मू-कश्मीर, उम्र 26 वर्ष के रूप में हुई है। आरोपी को 5 अक्तूबर को नूरपुर से हिरासत में लेकर पुलिस थाना कुमारसैन लाया गया, जहां तीनों मामलों की पीड़िताओं ने उसकी पहचान की।
पुलिस के अनुसार, कुमारसैन थाना क्षेत्र में महिलाओं को निशाना बनाकर स्नैचिंग की तीन घटनाएं सामने आई थीं। पहली घटना को लेकर 31 अगस्त 2026 को FIR संख्या 69/2026, धारा 304(2) BNS के तहत सीमा देवी की शिकायत पर मामला दर्ज किया गया था। शिकायत के अनुसार, जुब्बड़ के समीप रास्ते में आरोपी ने महिला की आंखों में मिर्च पाउडर डालकर दोनों कानों की बालियां छीन लीं और मौके से फरार हो गया।
दूसरी घटना में 14 सितंबर 2026 को FIR संख्या 71/2026 दर्ज की गई। कण्डयाली के समीप आरोपी ने सुनो देवी की आंखों में मिर्च पाउडर डालकर उनके दोनों कानों की सोने की बालियां छीन लीं।
वहीं, तीसरी वारदात में 26 सितंबर 2026 को FIR संख्या 72/2026 के तहत कनकु की शिकायत पर मामला दर्ज हुआ। पुलिस जांच के अनुसार आरोपी लगातार तीन दिनों तक पीड़िता के ढाबे पर आता रहा और उसकी गतिविधियों पर नजर रखता रहा। 26 सितंबर को पीड़िता के अकेले होने का फायदा उठाकर आरोपी ने उसकी आंखों में मिर्च पाउडर डाला और गले में पहना मंगलसूत्र छीनकर फरार हो गया।


सुनसान रास्तों की करता था रेकी
जांच के दौरान तीनों वारदातों में आरोपी के मोडस ऑपरेंडी में स्पष्ट समानता सामने आई। पुलिस के अनुसार आरोपी वारदात को अंजाम देने से पहले घटनास्थल और आसपास के क्षेत्र की रेकी करता था। वह महिलाओं की आवाजाही तथा उनके आवागमन के रास्तों पर नजर रखता था और ऐसे समय का इंतजार करता था, जब महिला सुनसान या अपेक्षाकृत एकांत रास्ते पर अकेली हो।
मौका मिलते ही आरोपी महिला की आंखों में मिर्च पाउडर डालकर उसे असहाय करता और उसके पहने हुए सोने के आभूषण छीनकर फरार हो जाता था। तीनों मामलों में अपनाई गई समान कार्यप्रणाली से पुलिस को वारदातों के पूर्व नियोजित और सुनियोजित होने के महत्वपूर्ण सुराग मिले।
CCTV से बचने के लिए सुनसान स्थान चुनता था
पुलिस के मुताबिक आरोपी अपनी पहचान और गतिविधियों को छिपाने के लिए सावधानी बरतता था। वह सीसीटीवी कैमरों की निगरानी से बचने के लिए सुनसान और एकांत स्थानों का चयन करता था। इसके बावजूद कुमारसैन पुलिस ने तीनों मामलों को आपस में जोड़ते हुए तकनीकी साक्ष्यों, घटनाओं के पैटर्न और ह्यूमन इंटेलिजेंस का गहन विश्लेषण किया।
जांच के दौरान प्राप्त तकनीकी इनपुट और मानवीय सूचना के आधार पर पुलिस ने आरोपी की पहचान जेल सिंह के रूप में की। आरोपी की लोकेशन नूरपुर में मिलने के बाद जिला शिमला पुलिस ने नूरपुर पुलिस के साथ समन्वय स्थापित किया और उसे 5 अक्तूबर 2026 को हिरासत में लिया।
आरोपी के खिलाफ पहले भी स्नैचिंग का मामला
पुलिस जांच में आरोपी का पूर्व आपराधिक इतिहास भी सामने आया है। उसके विरुद्ध पुलिस थाना सिहुंता, जिला चंबा में FIR संख्या 16/2026, दिनांक 5 मार्च 2026, धारा 304(2) BNS के तहत स्नैचिंग का मामला दर्ज है।
पुलिस ने बताया कि आरोपी को अब माननीय न्यायालय के समक्ष पेश किया जाएगा। तीनों मामलों में आगे की जांच जारी है। पुलिस की त्वरित, तकनीकी और समन्वित कार्रवाई से अलग-अलग समय में हुई तीनों वारदातों को जोड़ते हुए आरोपी तक पहुंचने में सफलता मिली है।

Share from A4appleNews:

Next Post

नेरवा और जोदना में 3-दिवसीय उद्यमिता विकास कार्यक्रमों का समापन, 84 प्रतिभागियों को वितरित किए प्रमाण-पत्र

Tue Oct 6 , 2026
स्थानीय उद्यम एवं स्वरोजगार के अवसरों की दी जानकारीएप्पल न्यूज़, नेरवा/चौपाल चौपाल विकासखंड के स्वयं सहायता समूहों (SHGs) के सदस्यों के लिए आयोजित तीन दिवसीय उद्यमिता विकास कार्यक्रम (EDP) का नेरवा में सफलतापूर्वक समापन हुआ। इसी क्रम में ग्राम पंचायत जोदना में आयोजित तीन दिवसीय EDP का भी समापन किया […]

You May Like

Breaking News