एप्पल न्यूज़, टापरी/किन्नौर
जिला किन्नौर के चौंलिंग-मीरू सड़क मार्ग पर रांगलें बस अड्डे के समीप रविवार देर रात एक पिकअप वाहन दुर्घटनाग्रस्त हो गया। हादसे में वाहन मालिक एवं चालक लविश कुमार नेगी (27) निवासी गांव मीरू, डाकघर मीरू, तहसील निचार, जिला किन्नौर की मौके पर ही मौत हो गई।
हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस थाना टापरी से एसआई सन्नी बौद्ध की अगुवाई में पुलिस टीम घटनास्थल पर पहुंची। टीम में आरक्षी पंकज कुमार और आरक्षी पुष्पराज शामिल रहे।

पुलिस जवानों ने स्थानीय लोगों की मदद से कड़ी मशक्कत के बाद मृतक के शव को घटनास्थल से बाहर निकाला और पोस्टमार्टम के लिए प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र टापरी पहुंचाया।
पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया। पुलिस ने हादसे के कारणों की जांच शुरू कर दी है।
मामले की पुष्टि एसपी किन्नौर सुशील कुमार शर्मा ने की है।
हादसे की इस दुखद घटना से क्षेत्र में शोक की लहर है। ईश्वर दिवंगत आत्मा को शांति प्रदान करें और शोक संतप्त परिवार को इस अपूरणीय क्षति को सहन करने की शक्ति दें।





