एप्पल न्यूज़,शिमला
भारतीय राष्ट्रीय छात्र संगठन (एनएसयूआई) के हिमाचल प्रदेश में हुए आंतरिक संगठनात्मक चुनावों में मंडी जिला के सुंदरनगर निवासी अनित जसवाल प्रदेश अध्यक्ष निर्वाचित हुए हैं। इससे पूर्व वह एनएसयूआई जिला मंडी के जिलाध्यक्ष के रूप में संगठन की जिम्मेदारी निभा चुके हैं।
प्रदेश अध्यक्ष निर्वाचित होने के बाद अनित जसवाल ने प्रेस वार्ता कर कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे, राहुल गांधी, एनएसयूआई के राष्ट्रीय प्रभारी कन्हैया कुमार, राष्ट्रीय अध्यक्ष विनोद जाखड़, मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू, प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष विनय कुमार, मुख्यमंत्री के ओएसडी रितेश कपरेट, युवा कांग्रेस प्रदेशाध्यक्ष छतर सिंह ठाकुर, पूर्व युवा कांग्रेस अध्यक्ष मनीष ठाकुर और प्रवीण मिन्हास का आभार व्यक्त किया। उन्होंने एनएसयूआई के सभी कैंपस अध्यक्षों का भी सहयोग के लिए धन्यवाद किया तथा नवनिर्वाचित प्रदेश पदाधिकारियों और जिला अध्यक्षों को बधाई दी।

अनित जसवाल का एनएसयूआई में राजनीतिक सफर सुंदरनगर के महाराजा लक्ष्मण सेन स्मारक महाविद्यालय से शुरू हुआ। उन्होंने वर्ष 2021 से 2023 तक महाविद्यालय में कैंपस महासचिव, 2023 से 2024 तक कैंपस अध्यक्ष, 2024 से 2025 तक जिला उपाध्यक्ष और 2025 से 2026 तक जिला मंडी अध्यक्ष के रूप में संगठन में विभिन्न जिम्मेदारियां निभाईं। अब उन्हें प्रदेश अध्यक्ष की कमान सौंपी गई है।
इस अवसर पर अनित जसवाल ने विशेष रूप से मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू का आभार जताते हुए कहा कि मुख्यमंत्री की दूरदर्शी सोच और आशीर्वाद से ही एक आम परिवार का युवा आज संगठन के इस महत्वपूर्ण पद तक पहुंच पाया है। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री और पार्टी के शीर्ष नेतृत्व के मार्गदर्शन में एनएसयूआई को मजबूत करने तथा प्रदेशभर में संगठन का विस्तार करने के लिए पूरी मेहनत से काम किया जाएगा। साथ ही आगामी विधानसभा चुनावों में कांग्रेस सरकार की पुनरावृत्ति सुनिश्चित करने के लिए संगठन अपनी अहम भूमिका निभाएगा।
प्रेस वार्ता के दौरान एनएसयूआई के नवनिर्वाचित प्रदेश महासचिव रोहित कुमार और राहुल ठाकुर, जिला शिमला के नवनिर्वाचित अध्यक्ष अवेश सुरान, संजौली महाविद्यालय के कैंपस अध्यक्ष संजय सरवान सहित अन्य पदाधिकारी भी उपस्थित रहे।




