उद्योग मंत्री हर्षवर्धन चौहान ने किया राज्य स्तरीय किन्नौर महोत्सव का शुभारंभ, जगत सिंह नेगी ने रहे विशिष्ट अतिथि

एप्पल न्यूज़, रिकांग पिओ
जिला किन्नौर के रिकांग पिओ स्थित राष्ट्रपिता महात्मा गांधी पार्क में 30 अक्तूबर से 2 नवम्बर, 2026 तक आयोजित किए जा रहे राज्य स्तरीय किन्नौर महोत्सव-2026 का शुभारंभ उद्योग मंत्री हर्षवर्धन चौहान ने मुख्य अतिथि के रूप में किया, जबकि राजस्व, बागवानी, जनजातीय विकास एवं जन शिकायत निवारण मंत्री जगत सिंह नेगी ने विशिष्ट अतिथि के रूप में शिरकत की। इस अवसर पर उपस्थित जनसमूह को संबोधित करते हुए दोनों मंत्रियों ने कहा कि मेले एवं त्योहार हमारी समृद्ध संस्कृति के परिचायक हैं तथा आपसी सद्भाव, भाईचारे और सामाजिक एकता को बढ़ावा देने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।
उद्योग मंत्री हर्षवर्धन चौहान ने जिला किन्नौर के प्राकृतिक सौंदर्य और यहां के लोगों की सराहना करते हुए कहा कि किन्नौर के लोगों ने अपनी समृद्ध संस्कृति, पारंपरिक वेशभूषा, खान-पान और रीति-रिवाजों को आज भी संजोकर रखा है। उन्होंने युवा पीढ़ी से इस अनमोल सांस्कृतिक विरासत को संरक्षित रखने और भावी पीढ़ियों तक पहुंचाने का आह्वान किया।


उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार स्थानीय उत्पादों को राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय स्तर पर प्रोत्साहित कर रही है, जिससे ग्रामीण क्षेत्रों के उत्पादकों की आर्थिकी को मजबूती मिल रही है। उन्होंने किसानों और बागवानों से कृषि एवं बागवानी क्षेत्र में नवीनतम तकनीकों को अपनाने का आह्वान किया, ताकि उत्पादन एवं उत्पादों की गुणवत्ता में सुधार के साथ उनकी आय में वृद्धि सुनिश्चित की जा सके।
उद्योग मंत्री ने कहा कि उद्योग विभाग द्वारा जिला में समय-समय पर विभिन्न जागरूकता शिविरों का आयोजन किया जा रहा है। इन शिविरों के माध्यम से स्वयं सहायता समूहों से जुड़ी महिलाओं को स्थानीय संसाधनों के उपयोग से स्वरोजगार स्थापित करने, व्यवसाय विकसित करने तथा अपनी आय बढ़ाने के लिए आवश्यक जानकारी एवं व्यावहारिक प्रशिक्षण प्रदान किया जा रहा है। इसके अंतर्गत उद्यमों की पहचान, व्यवसाय योजना तैयार करने, उत्पादों की गुणवत्ता में सुधार, पैकेजिंग, लेबलिंग, ब्रांडिंग और विपणन जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर जानकारी दी जा रही है।


राजस्व मंत्री जगत सिंह नेगी ने अपने संबोधन में किन्नौर की जनता को राज्य स्तरीय किन्नौर महोत्सव की शुभकामनाएं दीं तथा मुख्य अतिथि उद्योग मंत्री हर्षवर्धन चौहान का महोत्सव में पधारने पर स्वागत एवं अभिनंदन किया।
इस अवसर पर मुख्य अतिथि ने विभिन्न विभागों द्वारा स्थापित प्रदर्शनियों का अवलोकन किया तथा महोत्सव के दौरान आयोजित की जा रही विभिन्न खेल प्रतियोगिताओं का शुभारंभ भी किया।
महोत्सव के प्रथम दिन जिला स्तरीय शहनाई वादन प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। इस प्रतियोगिता का उद्देश्य जिला में पारंपरिक शहनाई वादन को प्रोत्साहित करना तथा इस प्राचीन लोक कला को विलुप्त होने से बचाकर संरक्षित करना है।


उपायुक्त किन्नौर एवं मेला समिति की अध्यक्ष सोनाक्षी सिंह तोमर ने मुख्य अतिथि तथा अन्य गणमान्य व्यक्तियों को स्मृति चिन्ह एवं पारंपरिक खतक भेंट कर सम्मानित किया। उन्होंने महोत्सव में पधारने के लिए अतिथियों का आभार व्यक्त किया तथा उपस्थित जनसमूह को महोत्सव के दौरान आयोजित होने वाली विभिन्न सांस्कृतिक एवं अन्य गतिविधियों की जानकारी दी।
इस अवसर पर पाइनवुड पब्लिक स्कूल की छात्राओं ने सरस्वती वंदना प्रस्तुत की। महोत्सव के प्रथम दिन पहाड़ी संध्या, किन्नौरी संध्या एवं सांस्कृतिक संध्या का आयोजन किया गया, जिसमें जिला किन्नौर सहित प्रदेश के अन्य क्षेत्रों के प्रसिद्ध कलाकारों ने अपनी प्रस्तुतियों से दर्शकों का मनोरंजन किया।


इस अवसर पर पुलिस अधीक्षक सुशील कुमार शर्मा, हिमकोडा के अध्यक्ष एवं प्रबंध निदेशक विकेश चौहान, हिमाचल प्रदेश राज्य औद्योगिक विकास निगम के उपाध्यक्ष अनुराग शर्मा, एपीएमसी के निदेशक उमेश नेगी, किनफेड के अध्यक्ष चंद्र गोपाल नेगी, हिमाचल प्रदेश राज्य सहकारी बैंक के निदेशक बिक्रम सिंह नेगी, निदेशक कृषि उपज मंडी समिति किन्नौर एवं शिमला प्रेम नेगी, जिला महिला कांग्रेस अध्यक्ष सरोज नेगी, पंचायत समिति कल्पा की अध्यक्ष प्रतिमा नेगी, जनजातीय सलाहकार समिति के सदस्य डॉ. सूर्या बोरिस, निर्मल नेगी, जय कृष्ण नेगी, सुखदेव नेगी एवं केसर नेगी, ग्राम पंचायत ख्वांगी की प्रधान ललिता पंचारस, ग्राम पंचायत शुदारंग के प्रधान कुलवंत नेगी तथा ब्लॉक कांग्रेस कमेटी कल्पा के अध्यक्ष अनिल नेगी सहित कांग्रेस पार्टी के पदाधिकारी, पंचायती राज संस्थाओं के प्रतिनिधि तथा विभिन्न विभागों के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।

Share from A4appleNews:

You May Like

Breaking News