एप्पल न्यूज़, शिमला
हिमाचल प्रदेश सरकार ने प्रशासनिक फेरबदल करते हुए सरकाघाट के एसडीएम और डॉ. वाईएस परमार बागवानी एवं वानिकी विश्वविद्यालय, नौणी के रजिस्ट्रार को बदल दिया है। शनिवार को जारी आदेशों के अनुसार सरकाघाट के एसडीएम राजेंद्र कुमार गौतम का तबादला कर उन्हें कार्मिक विभाग के पूल में शिमला सचिवालय में ज्वाइन करने के निर्देश दिए गए हैं।
उनकी जगह आईटी विभाग के संयुक्त निदेशक कृष्ण कुमार शर्मा को एसडीएम सरकाघाट नियुक्त किया गया है। कृष्ण कुमार शर्मा हिमाचल प्रदेश प्रशासनिक सेवा के 2019 बैच के अधिकारी हैं।

वहीं, नौणी विश्वविद्यालय के रजिस्ट्रार और एचएएस अधिकारी सिद्धार्थ आचार्य का भी तबादला किया गया है। उन्हें कार्मिक विभाग के पूल में शिमला सचिवालय में ज्वाइन करने को कहा गया है। सिद्धार्थ आचार्य के पास मानव भारती विश्वविद्यालय के प्रशासक का अतिरिक्त कार्यभार भी था।
उनकी जगह सोलन स्थित जिला उद्योग केंद्र के महाप्रबंधक सुरेंद्र कुमार को नौणी विश्वविद्यालय के रजिस्ट्रार का अतिरिक्त कार्यभार सौंपा गया है। इसके साथ ही वह मानव भारती विश्वविद्यालय के प्रशासनिक अधिकारी का कार्यभार भी संभालेंगे।
भूपेंद्र कुमार अत्री के कार्यभार में भी बदलाव
राज्य सरकार ने 24 अक्तूबर को आईपीएस अधिकारी संजीव गांधी को शिमला में जनरल इंडस्टरीज कॉरपोरेशन (जीआईसी) का प्रबंध निदेशक नियुक्त किया था। इस नियुक्ति के बाद एचएएस अधिकारी भूपेंद्र कुमार अत्री के कार्यभार में भी बदलाव किया गया है।
अब भूपेंद्र कुमार अत्री मुख्य रूप से स्टेट इंडस्ट्रियल डेवलपमेंट कॉरपोरेशन (एचपीएसआईडीसी) के प्रबंध निदेशक का कार्यभार संभालेंगे। इससे पहले उनके पास जीआईसी के प्रबंध निदेशक का अतिरिक्त कार्यभार भी था।






