विक्रमादित्य सिंह बोले- वीरभद्र सिंह ने जिस मकसद से किया था निर्माण वो नहीं हो पा रहा पूरा, खेल मंत्री के समक्ष उठाएंगे मामला
एप्पल न्यूज, रामपुर बुशहर
रामपुर बुशहर के दत्तनगर में करीब 12 करोड़ रुपये की लागत से तैयार इंडोर स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स आज बदहाली का शिकार है। पूर्व मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह के कार्यकाल में निर्मित इस खेल परिसर का जिस उद्देश्य से निर्माण किया गया था, वह पूरा नहीं हो पा रहा है। करोड़ों रुपये खर्च करने के बावजूद यहां खेल गतिविधियां अपेक्षित स्तर पर संचालित नहीं हो रही हैं। ऐसे में क्षेत्र के खिलाड़ियों को मिलने वाली सुविधाओं का लाभ भी नहीं मिल पा रहा है।
रामपुर दौरे के दौरान लोक निर्माण मंत्री विक्रमादित्य सिंह ने इस स्थिति पर चिंता जताते हुए कहा कि स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स के बेहतर संचालन के लिए प्रशासन का अपेक्षित सहयोग नहीं मिल रहा है। करोड़ों रुपये की सरकारी पूंजी निवेश करने के बावजूद जिस तरह से इस परिसर का संचालन होना चाहिए, वैसा नहीं हो पा रहा है। उन्होंने कहा कि इस मामले को प्रदेश के खेल मंत्री के समक्ष प्रमुखता से उठाया जाएगा।
विक्रमादित्य सिंह ने कहा कि इस स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स को निजी क्षेत्र की किसी सक्षम एजेंसी के माध्यम से संचालित करने की दिशा में प्रयास किए जाएंगे। इसके लिए बाकायदा टेंडर प्रक्रिया अपनाकर इसे निजी फर्म को सौंपने की मांग रखी जाएगी। उन्होंने कहा कि ऐसी अच्छी और अनुभवी एजेंसी को जिम्मेदारी मिलनी चाहिए, जो परिसर का बेहतर रखरखाव करने के साथ यहां नियमित रूप से इंडोर खेल गतिविधियां शुरू करवा सके।
उन्होंने कहा कि किसी भी खेल परिसर का उद्देश्य केवल भवन तैयार करना नहीं, बल्कि वहां खिलाड़ियों को अभ्यास और प्रतियोगिताओं के लिए बेहतर सुविधाएं उपलब्ध करवाना है। दत्तनगर का यह परिसर भी क्षेत्र के युवाओं और खिलाड़ियों के लिए उपयोगी साबित होना चाहिए।
अब देखना होगा कि खेल विभाग इस दिशा में क्या कदम उठाता है और करोड़ों रुपये की लागत से तैयार यह परिसर कब खेल गतिविधियों का केंद्र बन पाता है।




