file_0000000034e482078c2661b357b797a7
previous arrow
next arrow
1009758965
previous arrow
next arrow

इंदिरा गांधी की जयंती पर रिज मैदान में अर्पित किए श्रद्धासुमन, राष्ट्र निर्माण में योगदान को किया याद, बैंक राष्ट्रीयकरण और प्रिवी पर्स समाप्त करने के फैसलों को बताया ऐतिहासिक- खाची

IMG_20261107_092748
previous arrow
next arrow

एप्पल न्यूज़, शिमला

भारत की पूर्व प्रधानमंत्री एवं लौह महिला के नाम से विश्वभर में विख्यात स्वर्गीय इंदिरा गांधी की जयंती के अवसर पर बुधवार को शिमला के ऐतिहासिक रिज मैदान पर उनकी प्रतिमा के समक्ष पुष्पांजलि अर्पित कर उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि दी गई। इस दौरान उपस्थित गणमान्य व्यक्तियों ने राष्ट्र निर्माण, राष्ट्रीय एकता और अखंडता के लिए उनके योगदान को याद किया।
इस अवसर पर वन विकास निगम के उपाध्यक्ष केहर सिंह खाची ने कहा कि इंदिरा गांधी भारत की महान और दृढ़ इच्छाशक्ति वाली नेता थीं। उन्होंने अपने कार्यकाल में कई ऐतिहासिक एवं दूरगामी निर्णय लेकर देश की सामाजिक और आर्थिक व्यवस्था को नई दिशा प्रदान की। उनके साहसिक नेतृत्व और राष्ट्रहित को सर्वोपरि रखने की प्रतिबद्धता के कारण ही उन्हें विश्वभर में लौह महिला के रूप में पहचान मिली।


खाची ने कहा कि बैंकों का राष्ट्रीयकरण इंदिरा गांधी के सबसे महत्वपूर्ण आर्थिक फैसलों में से एक था। इस निर्णय से बैंकिंग सुविधाओं को आम जनता, किसानों, बागवानों और ग्रामीण क्षेत्रों तक पहुंचाने का रास्ता खुला। इससे ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूती मिली और आर्थिक रूप से कमजोर वर्गों को बैंकिंग व्यवस्था से जुड़ने का अवसर प्राप्त हुआ।
उन्होंने कहा कि पूर्व रियासतों के राजाओं-महाराजाओं को मिलने वाले विशेषाधिकारों और प्रिवी पर्स की व्यवस्था समाप्त करना भी इंदिरा गांधी का एक ऐतिहासिक निर्णय था। इसका उद्देश्य समाज में आर्थिक और सामाजिक असमानता को कम करना तथा लोकतांत्रिक व्यवस्था में समानता की भावना को मजबूत करना था।


केहर सिंह खाची ने कहा कि इंदिरा गांधी ने अपने राजनीतिक जीवन में अनेक चुनौतियों का सामना किया, लेकिन राष्ट्रीय हितों, देश की एकता, अखंडता और संप्रभुता को हमेशा सर्वोपरि रखा। राष्ट्र निर्माण में उनका योगदान भारतीय इतिहास में स्वर्णिम अक्षरों में अंकित रहेगा। उनका समर्पण और दूरदर्शी नेतृत्व आने वाली पीढ़ियों के लिए हमेशा प्रेरणास्रोत बना रहेगा।
इस अवसर पर सूचना एवं जनसंपर्क विभाग के कलाकारों ने देशभक्ति गीतों और भजनों की प्रस्तुति देकर पूर्व प्रधानमंत्री को संगीतमय श्रद्धांजलि अर्पित की।
कार्यक्रम में नगर निगम शिमला की उप महापौर उमा कौशल, उपायुक्त अनुपम कश्यप, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक गौरव सिंह, नगर निगम आयुक्त सचिन कंवल, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक मेहर पंवार, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक गौरवजीत सिंह, अतिरिक्त जिला दंडाधिकारी (कानून एवं व्यवस्था) पंकज शर्मा, अतिरिक्त जिला दंडाधिकारी (प्रोटोकॉल) ज्ञान सागर नेगी सहित नगर निगम के पार्षद और अन्य गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे।

Share from A4appleNews:

You May Like

Breaking News