एप्पल न्यूज़, मंडी
हिमाचल प्रदेश अराजपत्रित कर्मचारी महासंघ अपना 61वां स्थापना दिवस 20 नवंबर को मंडी जिला के पधर में धूमधाम से मनाएगा। महासंघ के प्रदेश अध्यक्ष प्रदीप ठाकुर की अध्यक्षता में आयोजित होने वाले इस समारोह में प्रदेशभर के विभिन्न विभागों के कर्मचारी प्रतिनिधि भाग लेंगे।
समारोह के दौरान कर्मचारियों के अधिकारों, हितों और लंबित मांगों को लेकर विस्तृत चर्चा की जाएगी। इसके साथ ही विभिन्न विभागों से प्राप्त कर्मचारियों की समस्याओं, मांगों और सुझावों पर विचार-विमर्श कर प्रमुख मांगों को शामिल करते हुए एक विस्तृत मांग-पत्र तैयार किया जाएगा। यह मांग-पत्र मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू को सौंपकर कर्मचारियों की लंबित समस्याओं के समाधान की मांग उठाई जाएगी।

महासंघ के महासचिव भरत शर्मा ने बताया कि इस आयोजन में प्रदेश के सभी विभागों के अध्यक्ष, महासचिव, जिला एवं खंड स्तर के पदाधिकारी तथा कर्मचारी प्रतिनिधि विशेष रूप से शामिल होंगे। उन्होंने कहा कि महासंघ का 61 वर्षों का गौरवशाली इतिहास कर्मचारी एकता, संघर्ष और अधिकारों की आवाज बुलंद करने का प्रतीक रहा है। वर्तमान समय में कर्मचारियों की विभिन्न समस्याओं और मांगों के समाधान के लिए सभी कर्मचारी संगठनों का एकजुट होना आवश्यक है।
प्रदेश अध्यक्ष प्रदीप ठाकुर ने प्रदेश के समस्त कर्मचारी वर्ग से 20 नवंबर को पधर में आयोजित होने वाले स्थापना दिवस समारोह में अधिक से अधिक संख्या में भाग लेने का आह्वान किया है। उन्होंने कहा कि कर्मचारियों की एकता ही महासंघ की सबसे बड़ी ताकत है और सामूहिक प्रयासों से ही कर्मचारियों की जायज मांगों को सरकार के समक्ष प्रभावी ढंग से उठाया जा सकता है। उन्होंने सभी कर्मचारी प्रतिनिधियों से समारोह को ऐतिहासिक एवं सफल बनाने में सहयोग देने की अपील की।


















