एप्पल न्यूज, चुराह/चम्बा
चुराह उपमंडल में शुक्रवार सुबह एक बड़ा हादसा होते-होते टल गया। जानकारी के अनुसार, चांजू से चम्बा की ओर जा रही बिट्टू बस अचानक सड़क धंसने के कारण खाई में गिरने से बाल-बाल बच गई।
बताया जा रहा है कि वीरवार देर रात क्षेत्र में हल्की बारिश हुई थी, जिससे सड़क किनारे की मिट्टी खिसक गई और सड़क का हिस्सा बैठ गया।
ठीक उसी समय बस वहां से गुजर रही थी और उसका अगला हिस्सा सड़क से नीचे लटक गया। स्थिति बेहद खतरनाक हो गई, लेकिन चालक की सूझबूझ और यात्रियों की सतर्कता से सभी को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया।

इस दौरान बस में सवार यात्री दहशत में आ गए और तुरंत बाहर निकल आए। स्थानीय लोगों की मदद से सभी यात्रियों को सुरक्षित बाहर निकाला गया। गनीमत यह रही कि बस पूरी तरह खाई में नहीं गिरी, अन्यथा बड़ा नुकसान हो सकता था।
ग्रामीणों ने बताया कि यह सड़क लंबे समय से जर्जर हालत में है और कई स्थानों पर धंसने का खतरा बना हुआ है। उन्होंने लोक निर्माण विभाग पर आरोप लगाया कि विभाग केवल कागजों में मरम्मत दिखाता है, जबकि जमीनी स्तर पर स्थिति जस की तस बनी हुई है।
लोगों ने प्रशासन और विभाग से मांग की है कि इस मार्ग की तुरंत मरम्मत की जाए, साथ ही सड़क की नियमित निगरानी और बारिश के दौरान यातायात व्यवस्था पर विशेष ध्यान दिया जाए, ताकि भविष्य में कोई जानलेवा हादसा न हो।







