IMG_20260124_200231
previous arrow
next arrow

दुःखद- सिरमौर के हरिपुरधार में निजी बस दुर्घटनाग्रस्त, 12 की मौत 33 घायल, CM सहित शीर्ष नेतृत्व ने जताया शोक

IMG_20251207_105330
previous arrow
next arrow

एप्पल न्यूज़, सिरमौर

हिमाचल प्रदेश के मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविन्द्र सिंह सुक्खू ने आज हरिपुरधार के समीप हुई एक दर्दनाक निजी बस दुर्घटना में हुई जनहानि पर गहरा शोक व्यक्त किया है। यह निजी बस (जीत कोच) शिमला से कुपवी जा रही थी।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, बस हरिपुरधार से लगभग 100 मीटर पहले अनियंत्रित होकर करीब 100 मीटर गहरी खाई में गिर गई।
दुर्घटना के समय बस में कुल 45 यात्री सवार थे। इनमें से 12 यात्रियों की मौके पर ही मृत्यु हो गई, जबकि 33 गंभीर रूप से घायल यात्रियों को उपचार के लिए इंदिरा गांधी मेडिकल कॉलेज (आईजीएमसी) शिमला रेफर किया गया है। घायलों का अस्पताल में गहन उपचार जारी है।
मुख्यमंत्री ने सिरमौर ज़िला प्रशासन को निर्देश दिए हैं कि मृतकों के परिजनों को हर संभव सहायता तत्काल प्रदान की जाए तथा घायलों को सर्वोत्तम और त्वरित चिकित्सा सुविधाएं सुनिश्चित की जाएं।

उन्होंने राहत एवं बचाव कार्यों में तेजी लाने और प्रभावित परिवारों तक प्रशासनिक सहायता शीघ्र पहुँचाने के भी निर्देश दिए।
मुख्यमंत्री ने ईश्वर से दिवंगत आत्माओं की शांति की प्रार्थना करते हुए शोक संतप्त परिजनों को इस अपूरणीय क्षति को सहन करने की शक्ति प्रदान करने की कामना की। साथ ही, उन्होंने घायलों के शीघ्र स्वास्थ्य लाभ की भी कामना की है।

हरिपुरधार बस हादसे पर भाजपा नेतृत्व ने जताया गहरा शोक, मृतकों के परिजनों के प्रति संवेदना

जिला सिरमौर के हरिपुरधार क्षेत्र में कुपवी से शिमला जा रही एक निजी बस के खाई में लुढ़क जाने से हुए भीषण हादसे पर भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं केंद्रीय मंत्री जगत प्रकाश नड्डा, प्रदेश अध्यक्ष डॉ. राजीव बिंदल, भाजपा सांसद एवं पूर्व केंद्रीय मंत्री अनुराग ठाकुर, सांसद राजीव भारद्वाज, नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर एवं सांसद सुरेश कश्यप ने गहरा शोक व्यक्त किया है।

इस दर्दनाक दुर्घटना में अब तक करीब आठ लोगों के निधन की सूचना है, जबकि कई यात्री गंभीर रूप से घायल बताए जा रहे हैं।

प्रदेश अध्यक्ष डॉ. राजीव बिंदल ने अपने विस्तृत शोक संदेश में कहा कि जिला सिरमौर के हरिपुरधार में बस के लुढ़क जाने से अनेक लोगों की असमय मृत्यु होना अत्यंत दुखद, पीड़ादायक और हृदयविदारक है।

उन्होंने कहा कि प्रारंभिक जानकारी के अनुसार बस में बड़ी संख्या में यात्री सवार थे और हादसे की भयावहता से पूरा क्षेत्र स्तब्ध है।

डॉ. बिंदल ने बताया कि इस दुर्घटना में बहुत से लोग घायल हुए हैं, जिन्हें तत्काल उपचार के लिए सोलन और नाहन के अस्पतालों की ओर भेजा गया है।

उन्होंने यह भी कहा कि अब तक सात मृतकों के पार्थिव शरीर हरिपुरधार पहुंच चुके हैं, जो इस हादसे की गंभीरता को दर्शाता है।

डॉ. बिंदल ने कहा कि यह घटना पूरे प्रदेश के लिए गहरे शोक का विषय है। उन्होंने दिवंगत आत्माओं की शांति के लिए प्रार्थना करते हुए कहा कि ईश्वर शोक संतप्त परिवारों को इस असहनीय दुःख को सहने की शक्ति प्रदान करें।

उन्होंने स्पष्ट किया कि इस कठिन समय में प्रशासन और सरकार पूरी मुस्तैदी के साथ राहत एवं बचाव कार्यों में जुटी हुई है और घायलों के इलाज में किसी भी प्रकार की कमी नहीं आने दी जानी चाहिए।

उन्होंने संबंधित अधिकारियों से यह भी आग्रह किया कि पीड़ित परिवारों को त्वरित सहायता, उचित जानकारी और हरसंभव सहयोग सुनिश्चित किया जाए।

भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं केंद्रीय मंत्री जगत प्रकाश नड्डा सहित भाजपा के अन्य वरिष्ठ नेताओं ने भी इस हादसे को अत्यंत दुर्भाग्यपूर्ण बताते हुए गहरा दुख व्यक्त किया और ईश्वर से दिवंगत आत्माओं को शांति तथा घायलों के शीघ्र स्वास्थ्य लाभ की कामना की।

भाजपा सांसद एवं पूर्व मंत्री अनुराग ठाकुर, सांसद राजीव भारद्वाज, नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर और सांसद सुरेश कश्यप ने भी शोक व्यक्त करते हुए कहा कि यह हादसा पूरे प्रदेश को झकझोर देने वाला है। उन्होंने प्रशासन से आग्रह किया कि राहत एवं बचाव कार्यों में पूरी संवेदनशीलता और तत्परता बरती जाए।

भाजपा नेतृत्व ने कहा कि इस दुःख की घड़ी में पार्टी पूरी संवेदनशीलता और मानवीय दृष्टिकोण के साथ प्रभावित परिवारों के साथ खड़ी है और उन्हें हरसंभव सहायता प्रदान करने के लिए प्रतिबद्ध है।

कांग्रेस अध्यक्ष विनय कुमार ने दुःख जताया

प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष विनय कुमार ने उनके विधानसभा क्षेत्र हरिपुर धार में आज हुई एक निजी बस दुर्घटना पर गहरा दुख प्रकट किया है।  

उन्होंने इस हादसे में मारे गए लोगों की आत्मा  की शांति की प्रार्थना परमेश्वर से की है। उन्होंने कहा है कि इस दुर्घटना से वह बहुत ही दुखी है।
उल्लेखनीय है कि प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष आज जिला कांगड़ा धर्मशाला पालमपुर के दौरे पर थे,जैसे ही उन्हें इस दुर्घटना की सूचना मिली उन्होंने अपने सारे पूर्व निर्धारित कार्यक्रम रद्द करते हुए दुर्घटना स्थल को रवाना हो गए।
विनय कुमार ने इस बस हादसे में घायल लोगों के शीघ्र स्वास्थ्य लाभ की कामना करते हुए प्रशासन से इस हादसे में मारे गए लोगों व घायलों को हरसंभव मदद देने को कहा है।

Share from A4appleNews:

Next Post

चंबा मेडिकल कालेज के प्रशिक्षु डॉक्टर सस्पेंड, MBBS 2021 और 2025 बैच के छात्रों पर गिरी गाज, एक सप्ताह के लिए सस्पेंड

Sat Jan 10 , 2026
बिना परमिशन छुट्टी पर जाना पड़ा महंगा, परीक्षा न देने पर एक सप्ताह के लिए सस्पेंड एप्पल न्यूज़, चम्बा पंडित जवाहर लाल नेहरू मेडिकल कालेज एवं अस्पताल चंबा के एमबीबीएस बैच 2021 व 2025 के प्रशिक्षुओं को बिना अनुमति अवकाश पर जाने और परीक्षा न देने के लिए एक सप्ताह […]

You May Like

Breaking News