अटल टनल सड़क पर भारी बर्फबारी, यातायात अस्थायी रूप से बंद, फंसे वाहनों को हटाने का कार्य जारी

IMG_20260414_194415
previous arrow
next arrow

एप्पल न्यूज़, कुल्लू
अटल टनल के साउथ पोर्टल की ओर जाने वाले मार्ग पर भारी और लगातार बर्फबारी के चलते प्रशासन ने नेहरू कुंड से साउथ पोर्टल तक वाहनों की आवाजाही पर अस्थायी प्रतिबंध लगा दिया है।

इस संबंध में जिला दंडाधिकारी कुल्लू अनुराग चन्द्र शर्मा ने जानकारी देते हुए बताया कि खराब मौसम और सड़क पर जमी बर्फ के कारण यह कदम एहतियात के तौर पर उठाया गया है।
उन्होंने बताया कि 70 रोड कंस्ट्रक्शन कंपनी (GREF) के कमांडिंग अधिकारी ने अपने कार्यालय पत्र के माध्यम से सूचित किया है कि साउथ पोर्टल की ओर जाने वाली एप्रोच रोड (ARS) पर भारी बर्फबारी के कारण बर्फ का जमाव, आइसिंग तथा दृश्यता में कमी की स्थिति बनी हुई है।

ऐसे में मनाली, सोलंग और अटल टनल की ओर वाहनों की आवाजाही अत्यंत जोखिमपूर्ण हो गई है, जिससे आम जनता और पर्यटकों के जीवन व संपत्ति को खतरा हो सकता है।
प्रशासन ने पुलिस विभाग, बॉर्डर रोड्स ऑर्गनाइजेशन तथा मनाली प्रशासन के साथ चर्चा के बाद नेहरू कुंड से अटल टनल के साउथ पोर्टल और वापस नेहरू कुंड की ओर यातायात को अस्थायी रूप से बंद करने का निर्णय लिया है।
उपायुक्त ने बताया कि बीआरओ द्वारा सड़क से बर्फ हटाने का कार्य लगातार जारी है। बर्फ हटाने के लिए भारी मशीनरी का उपयोग किया जा रहा है और इसके सुरक्षित संचालन के लिए मार्ग पर वाहनों की आवाजाही को रोकना जरूरी है।

इसी के तहत आपदा प्रबंधन अधिनियम 2005 की धारा 34 (e) के अंतर्गत यह आदेश जारी किए गए हैं।
उन्होंने बताया कि मनाली प्रशासन और पुलिस विभाग इस मार्ग पर फंसे हुए वाहनों की निकासी को प्राथमिकता देंगे। साथ ही नेहरू कुंड और सोलंग नाला में पुलिस द्वारा 24 घंटे बैरियर स्थापित किए जाएंगे, ताकि वाहनों की आवाजाही को नियंत्रित किया जा सके।


प्रशासन के अनुसार आपातकालीन सेवाओं—जैसे एम्बुलेंस, पुलिस, फायर टेंडर और बीआरओ—के वाहनों के अलावा स्थानीय निवासियों को केवल 4×4 वाहनों के माध्यम से ही आवागमन की अनुमति दी जाएगी। इस पूरी व्यवस्था की निगरानी मनाली प्रशासन द्वारा की जाएगी।
प्रशासन ने यह भी स्पष्ट किया है कि 4×4 वाहनों को आगे बढ़ने की अनुमति देने से पहले सड़क की स्थिति का निरीक्षण किया जाएगा और सड़क पर यूरिया का छिड़काव तथा डी-आइसिंग की प्रक्रिया पूरी होने के बाद ही वाहनों को जाने दिया जाएगा, ताकि दुर्घटनाओं की संभावना को कम किया जा सके।

Share from A4appleNews:

Next Post

बड़ी ख़बर- हिमाचल सरकार ने वापस लिया ‘कैबिनेट रैंक’, 20% मासिक वेतन भत्ते में कटौती, कई नेता लपेटे में

Tue Mar 17 , 2026
MLA RS बाली, नंद लाल भवानी पठानिया,केहर सिंह खाचीसमेत एडवाइजर सुनील बिट्टू, नरेश चौहान व गोकुल बुटेल के केबिनेट रैंक हटाए गए एप्पल न्यूज़, शिमला Government of Himachal Pradesh ने प्रशासनिक ढांचे में सुधार और खर्चों को नियंत्रित करने की दिशा में एक बड़ा निर्णय लेते हुए विभिन्न बोर्ड, निगमों […]

You May Like

Breaking News