एप्पल न्यूज़, ठियोग /शिमला
जिला शिमला पुलिस द्वारा अवैध शराब के कारोबार के विरुद्ध चलाए जा रहे अभियान के तहत थाना देहा पुलिस को बड़ी सफलता हाथ लगी है। पुलिस ने एक बोलेरो कैंपर वाहन से भारी मात्रा में अवैध शराब और बीयर बरामद की है।
पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार दिनांक 08 मई 2026 को थाना देहा की पुलिस टीम गश्त पर थी।
इसी दौरान पुलिस को गुप्त सूचना मिली कि गिरिपुल की ओर से बालग की तरफ जा रहे एक बोलेरो कैंपर वाहन में अवैध शराब की खेप ले जाई जा रही है। सूचना के आधार पर पुलिस ने बालग नाला के पास नाका लगाया।

कुछ देर बाद संदिग्ध बोलेरो कैंपर वाहन मौके पर पहुंचा, जिसे रोककर चालक से पूछताछ की गई। चालक ने अपनी पहचान सोहन सिंह पुत्र स्वर्गीय लाग्नु राम निवासी गांव जेहा, डाकघर मुंडू, तहसील ठियोग, जिला शिमला के रूप में बताई।
वाहन की तलाशी लेने पर उसमें कुल 30 पेटियां बरामद हुईं। इनमें 13 पेटियां अंग्रेजी शराब “Royal Stag”, 6 पेटियां देसी शराब “Naati”, 8 पेटियां “Kingfisher” बीयर तथा 3 पेटियां “Thunderbolt” बीयर की पाई गईं। प्रत्येक पेटी में 12-12 बोतलें थीं, जिन पर “For Sale in Himachal Pradesh Only” अंकित था।
पुलिस के अनुसार चालक शराब के परिवहन एवं भंडारण से संबंधित कोई वैध लाइसेंस या परमिट प्रस्तुत नहीं कर सका। इसके बाद थाना देहा में अभियोग संख्या 17/2026, अधीन धारा 39(1)(a) हिमाचल प्रदेश आबकारी अधिनियम के तहत मामला दर्ज किया गया है। आरोपी के विरुद्ध आगामी कानूनी कार्रवाई जारी है।








