ग्रीष्मकालीन पर्यटन सीजन में शिमला पुलिस की ट्रैफिक व्यवस्था बनी मिसाल, 18.5 लाख से अधिक वाहनों का सफल प्रबंधन

IMG_20260514_180822
previous arrow
next arrow

एप्पल न्यूज़, शिमला

। ग्रीष्मकालीन पर्यटन सीजन के दौरान रिकॉर्ड संख्या में पर्यटकों के शिमला पहुंचने के बावजूद जिला पुलिस ने प्रभावी रणनीति और बेहतर समन्वय के बल पर यातायात व्यवस्था को सुचारु बनाए रखा। मई और जून 2026 के दौरान अब तक विभिन्न प्रवेश मार्गों से 18.5 लाख से अधिक वाहनों का आवागमन दर्ज किया गया, जिनमें मई में लगभग 8.5 लाख और जून में अब तक करीब 10 लाख वाहन शामिल हैं।
बढ़ते यातायात दबाव को देखते हुए पुलिस एवं होमगार्ड कर्मियों की संख्या 136 से बढ़ाकर 265 की गई। साथ ही 50 सिविल स्वयंसेवकों और 32 ट्रैफिक बाइक राइडर्स की तैनाती की गई, जिससे जाम की स्थिति में त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित हो सकी।

शहर को पांच सेक्टरों में विभाजित कर प्रत्येक सेक्टर की जिम्मेदारी ग्रेड-वन अधिकारियों को सौंपी गई, जिन्होंने स्वयं फील्ड में मौजूद रहकर यातायात संचालन का नेतृत्व किया। वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों ने भी नियमित निरीक्षण कर मौके पर ही आवश्यक निर्णय लिए।
यातायात बाधित होने की स्थिति में सेक्टर अधिकारियों, ट्रैफिक बाइक राइडर्स और तीन क्रेनों की संयुक्त कार्रवाई से मार्गों को शीघ्र सामान्य किया गया। शहर के भीतरी हिस्सों में दबाव कम करने के लिए कुफरी, मशोबरा, नालधेरा तथा अपर शिमला एवं किन्नौर जाने वाले वाहनों को शोगी–मेहली बाईपास का उपयोग करने के लिए प्रेरित किया गया, जिससे प्रतिदिन औसतन 600 से 800 वाहन इस वैकल्पिक मार्ग का उपयोग कर रहे हैं।


सोशल मीडिया के माध्यम से रीयल-टाइम ट्रैफिक अपडेट, पार्किंग स्थलों का बेहतर प्रबंधन, सार्वजनिक परिवहन को बढ़ावा तथा इंटरसेप्टर वाहनों द्वारा नियमों का प्रभावी प्रवर्तन भी इस रणनीति का अहम हिस्सा रहा।
इस अवसर पर पुलिस अधीक्षक, शिमला ने यातायात शाखा के अधिकारियों और कर्मचारियों के साथ विशेष ब्रीफिंग कर उनके उत्कृष्ट कार्यों की सराहना की। उन्होंने कहा कि यातायात प्रबंधन केवल नियम लागू करवाने तक सीमित नहीं, बल्कि नागरिकों और पर्यटकों की सुरक्षा एवं सुविधा सुनिश्चित करने की महत्वपूर्ण जिम्मेदारी भी है।
कार्यक्रम के दौरान यातायात व्यवस्था को सुदृढ़ बनाने में उल्लेखनीय योगदान देने वाले 10 सिविल वालंटियर्स को प्रशस्ति-पत्र देकर सम्मानित किया गया। जिला पुलिस ने नागरिकों और पर्यटकों के सहयोग के लिए आभार व्यक्त करते हुए सभी से यातायात नियमों का पालन करने और आवश्यकता पड़ने पर वैकल्पिक मार्गों का उपयोग करने की अपील की।

Share from A4appleNews:

Next Post

STF ने नूरपुर के जसूर में 223 ग्राम चिट्टे के साथ किए 3 आरोपी गिरफ्तार

Sun Jun 28 , 2026
एप्पल न्यूज़, नूरपुर पुलिस विभाग के एक प्रवक्ता ने आज बताया कि जिला कांगड़ा के स्पेशल टास्क फोर्स (एसटीएफ) ने जसूर स्थित शास्त्री औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान (आईटीआई) के समीप तीन संदिग्ध व्यक्तियों की तलाशी ली जिसके दौरान उनके कब्जे से 223 ग्राम चिट्टा बरामद किया गया।चिट्टा मुक्त हिमाचल के संकल्प […]

You May Like

Breaking News