एप्पल न्यूज़, शिमला
जिला शिमला पुलिस ने नशा तस्करी के खिलाफ अभियान के तहत वर्ष 2026 की अब तक की सबसे बड़ी हेरोइन बरामदगी करते हुए करीब 1.120 किलोग्राम हाई ग्रेड हेरोइन के साथ एक अंतरराज्यीय तस्कर को गिरफ्तार किया है। बरामद हेरोइन की अंतरराष्ट्रीय बाजार में अनुमानित कीमत करीब 6 करोड़ रुपये बताई गई है।
पुलिस के अनुसार, 3 अगस्त को स्पेशल सेल ने गुप्त सूचना के आधार पर शोघी के पास नाकाबंदी कर विजय कुमार (22), पुत्र दर्शन सिंह, निवासी नारायणगढ़, जिला अंबा.ला (हरियाणा) को गिरफ्तार किया। आरोपी के कब्जे से 1 किलो 120 ग्राम हेरोइन बरामद हुई
1.120 किलोग्राम हेरोइन बरामदगी मामले में गिरफ्तार आरोपी को आज माननीय न्यायालय में पेश किया गया। माननीय न्यायालय ने आरोपी को 4 दिन के पुलिस रिमांड पर भेजा है। मामले में गहन जांच जारी है।
प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि आरोपी हरियाणा से यह खेप शिमला में सप्लाई करने आया था और तारा देवी क्षेत्र में अपने संपर्कों को इसकी डिलीवरी देने की तैयारी में था। पुलिस ने डिलीवरी से पहले ही उसे दबोच लिया। मामले में एनडीपीएस एक्ट के तहत केस दर्ज कर जांच जारी है।

पुलिस का कहना है कि यह वर्ष 2026 में हिमाचल प्रदेश की सबसे बड़ी हेरोइन बरामदगी है और अंतरराज्यीय नशा तस्करी नेटवर्क के खिलाफ सबसे महत्वपूर्ण कार्रवाइयों में से एक है।
बदली रणनीति का असर
शिमला पुलिस ने बताया कि वर्ष 2026 में नशा तस्करी के खिलाफ रणनीति में बदलाव किया गया है। अब केवल अधिक मामले दर्ज करने के बजाय बड़ी बरामदगी, मुख्य सप्लायरों की गिरफ्तारी, बैकवर्ड लिंकेज, तकनीकी व वित्तीय जांच तथा पूरे अंतरराज्यीय नेटवर्क को ध्वस्त करने पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है। साथ ही आदतन तस्करों के खिलाफ PITNDPS एक्ट के तहत भी कार्रवाई की जा रही है।
वर्ष 2026 की प्रमुख कार्रवाई
मार्च: न्यू शिमला थाना पुलिस ने करीब एक करोड़ रुपये मूल्य की 562 एलएसडी स्टैम्प (11.57 ग्राम) बरामद कर अंतरराज्यीय नेटवर्क का भंडाफोड़ किया। जांच में चार पुलिस कर्मियों की संलिप्तता सामने आने पर उन्हें गिरफ्तार कर सेवा से बर्खास्त किया गया।
मार्च: स्पेशल सेल ने आईएसबीटी शिमला से 288 ग्राम हेरोइन के साथ अंबाला निवासी आरोपी को गिरफ्तार किया।
अप्रैल: कुमारसैन पुलिस ने 9.28 किलोग्राम अफीम, 12 लाख रुपये नकद तथा बाद की कार्रवाई में 2 किलोग्राम से अधिक अतिरिक्त अफीम बरामद कर कुल लगभग 11.5 किलोग्राम अफीम जब्त की। साथ ही 53 लाख रुपये की अवैध संपत्ति भी जब्त की गई।
मई: पंजाब से बैकवर्ड लिंकेज के आधार पर 309 ग्राम हेरोइन बरामद की गई।
जून: एफआईआर 41/2026 की जांच में पंजाब के फिरोजपुर से मुख्य सप्लायर गिरफ्तार हुआ, जिसके कब्जे से 131 ग्राम हेरोइन, 27 ग्राम मेथामफेटामाइन (आईस) और 60,400 रुपये नकद बरामद हुए।
जुलाई: शोघी बैरियर पर तीन आरोपियों से 242 ग्राम हेरोइन बरामद की गई।
इस वर्ष की कुल बरामदगी
शिमला पुलिस के अनुसार, वर्ष 2026 में अब तक 4 किलोग्राम से अधिक हेरोइन, 14 किलोग्राम अफीम, 15 किलोग्राम चरस, 5 किलोग्राम से अधिक पोस्त, 11.6 ग्राम एलएसडी, लगभग 60 ग्राम मेथामफेटामाइन (आईस) तथा 10 लाख से अधिक अवैध भांग के पौधे बरामद या नष्ट किए जा चुके हैं। पुलिस का कहना है कि 1.120 किलोग्राम हेरोइन की यह ऐतिहासिक बरामदगी बदली हुई रणनीति की सबसे बड़ी सफलता है।






