RHPS ने दत्तनगर स्कूल में करवाई अंतर-हाउस खेल प्रतियोगिता, “स्वच्छ पाठशाला- यूथ फॉर स्वच्छता” के तहत कबड्डी और वॉलीबॉल में विद्यार्थियों ने दिखाया उत्साह

एप्पल न्यूज़, रामपुर बुशहर

रामपुर एचपीएस द्वारा विद्युत मंत्रालय एवं निगमित कार्यालय के निर्देशानुसार 17 सितंबर से 2 अक्तूबर 2026 तक “स्वच्छता ही सेवा (SHS) अभियान-2026” आयोजित किया जा रहा है। इसी कड़ी में 25 सितंबर को परियोजना प्रमुख ई. विकास मारवाह के नेतृत्व में राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय दत्तनगर में “स्वच्छ पाठशाला: यूथ फॉर स्वच्छता” के अंतर्गत अंतर-हाउस खेल-कूद प्रतियोगिता आयोजित की गई।
प्रतियोगिता में छात्राओं के लिए कबड्डी तथा छात्रों के लिए वॉलीबॉल प्रतियोगिताएं करवाई गईं। विद्यालय के चार हाउस—इरावती, अस्किनी, विपाशा एवं शतुद्री—के विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। छात्रा वर्ग की कबड्डी प्रतियोगिता में अस्किनी हाउस प्रथम तथा विपाशा हाउस द्वितीय रहा। छात्र वर्ग की वॉलीबॉल प्रतियोगिता में इरावती हाउस प्रथम और अस्किनी हाउस द्वितीय स्थान पर रहा।


प्रतियोगिताओं के समापन अवसर पर परियोजना प्रमुख ई. विकास मारवाह ने विजेता एवं उपविजेता टीमों को पुरस्कार प्रदान कर उनका उत्साहवर्धन किया। इसके बाद विद्यार्थियों ने खेल मैदान की स्वच्छता के लिए विशेष सफाई अभियान चलाया और साफ-सफाई में सक्रिय भागीदारी निभाई। इस पहल के माध्यम से विद्यार्थियों ने स्वच्छता के प्रति अपनी जिम्मेदारी और जागरूकता का परिचय दिया।
इस अवसर पर ई. विकास मारवाह ने कहा कि “स्वच्छता ही सेवा अभियान-2026” के तहत “स्वच्छ पाठशाला: यूथ फॉर स्वच्छता” के माध्यम से विद्यालयों और युवाओं को स्वच्छता गतिविधियों से जोड़ने पर विशेष जोर दिया जा रहा है। उन्होंने विद्यार्थियों से आह्वान किया कि वे न तो स्वयं कचरा फैलाएं और न ही दूसरों को ऐसा करने दें। उन्होंने कहा कि स्वच्छता के साथ-साथ कचरा प्रबंधन को समझना भी आवश्यक है। यदि गीले और सूखे कचरे को स्रोत पर ही अलग किया जाए तो उसके पुनर्चक्रण और उचित निस्तारण में काफी सहायता मिलती है।
उन्होंने कहा कि रामपुर एचपीएस स्थानीय विद्यालयों के विद्यार्थियों को ऐसी गतिविधियों से लगातार जोड़ रहा है, ताकि वे घरों और विद्यालयों से निकलने वाले कचरे के वैज्ञानिक प्रबंधन के प्रति जागरूक हो सकें।
कार्यक्रम में ग्राम पंचायत दत्तनगर के रि. एएलडी (असम राइफल्स) महेंद्र शर्मा विशिष्ट अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। इस अवसर पर विद्यालय के प्रधानाचार्य राजेश परमार, शिक्षकगण, रामपुर एचपीएस बायल के विभिन्न विभागाध्यक्ष तथा सीएसआर प्रभाग के अधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद रहे।

Share from A4appleNews:

Next Post

वाल्मीकि सुधार सभा रामपुर ने SC आयोग अध्यक्ष से किया पात्र परिवारों को दस्तावेज और सरकारी योजनाओं का लाभ दिलाने का आग्रह

Sat Sep 26 , 2026
एप्पल न्यूज़, रामपुर बुशहर वाल्मीकि सुधार सभा रामपुर बुशहर ने शनिवार को हिमाचल प्रदेश राज्य अनुसूचित जाति आयोग के अध्यक्ष कुलदीप कुमार धीमान तथा आयोग के सदस्य अधिवक्ता दिग्विजय मल्होत्रा, अधिवक्ता डॉ. विजय डोगरा और सुश्री शालिनी जम्वाल को ज्ञापन सौंपकर अनुसूचित जाति समुदाय से जुड़े विभिन्न मामलों के समाधान […]

You May Like

Breaking News