एप्पल न्यूज़, पुलबाहल/चौपाल
शिमला जिले के चौपाल विकासखंड के अंतर्गत पुलबाहल क्लस्टर में आयोजित तीन दिवसीय उद्यमिता विकास कार्यक्रम (EDP) कार्यशाला का शुक्रवार को सफलतापूर्वक समापन हुआ। कार्यक्रम का उद्देश्य प्रतिभागियों में उद्यमिता संबंधी ज्ञान, वित्तीय जागरूकता और स्वरोजगार के अवसरों को बढ़ावा देना था।
कार्यशाला के तीसरे और अंतिम दिन पंजाब नेशनल बैंक (PNB), पुलबाहल के शाखा प्रबंधक कौशल ने बतौर अतिथि विशेषज्ञ शिरकत की। उन्होंने प्रतिभागियों को वित्तीय प्रबंधन, वित्तीय साक्षरता, बैंकिंग सुविधाओं और सरकार की विभिन्न बैंकिंग योजनाओं के बारे में विस्तार से जानकारी दी।

उन्होंने उद्यमिता गतिविधियों को सफलतापूर्वक संचालित करने के लिए वित्तीय नियोजन के महत्व और बैंकिंग सेवाओं के प्रभावी उपयोग के संबंध में भी मार्गदर्शन किया।
कार्यक्रम के समापन समारोह में ग्राम पंचायत पुलबाहल की प्रधान पूनम सलोटा विशेष रूप से उपस्थित रहीं। उन्होंने प्रतिभागियों को स्वरोजगार अपनाने और उद्यमिता के क्षेत्र में उपलब्ध अवसरों का लाभ उठाने के लिए प्रेरित किया।
कार्यशाला के सफल समापन पर सभी 87 प्रमाणित प्रतिभागियों को प्रमाणपत्र वितरित किए गए। इस तीन दिवसीय कार्यक्रम के माध्यम से प्रतिभागियों को उद्यम स्थापित करने, वित्तीय संसाधनों का बेहतर प्रबंधन करने और आत्मनिर्भरता की दिशा में आगे बढ़ने के लिए प्रोत्साहित किया गया।



