लाहौल-स्पीति, किन्नौर, कुल्लू और चंबा के ऊंचाई वाले क्षेत्रों में हो सकती है अच्छी बर्फबारी
एप्पल न्यूज़, शिमला
हिमाचल प्रदेश में दिवाली के बाद अब मौसम करवट लेने वाला है। लंबे समय से बर्फबारी का इंतजार कर रहे लोगों और पर्यटकों के लिए अच्छी खबर है। मौसम विभाग के पूर्वानुमान के अनुसार 10 से 13 नवंबर तक प्रदेश के कई हिस्सों में बारिश और बर्फबारी होने की संभावना है। इस दौरान सक्रिय होने वाला पश्चिमी विक्षोभ पहाड़ी क्षेत्रों में ठंड का प्रकोप बढ़ा सकता है।
मौसम विभाग के मुताबिक 10 और 11 नवंबर को प्रदेश के मध्यवर्ती और उच्च पर्वतीय क्षेत्रों में कुछ स्थानों पर हल्की बारिश और बर्फबारी हो सकती है। वहीं, 12 और 13 नवंबर को पश्चिमी विक्षोभ का प्रभाव अधिक रहने की संभावना है। इन दो दिनों के दौरान बारिश और बर्फबारी की गतिविधियों में तेजी आ सकती है।
विशेष रूप से लाहौल-स्पीति, किन्नौर, कुल्लू और चंबा जिलों के अधिक ऊंचाई वाले क्षेत्रों में अच्छी बर्फबारी होने के आसार हैं। शिमला और मनाली में भी मौसम खराब रह सकता है। हालांकि, मौसम विभाग ने फिलहाल इस अवधि के लिए कोई अलर्ट जारी नहीं किया है। मैदानी इलाकों में मौसम में बड़े बदलाव की संभावना नहीं जताई गई है।

जनजातीय क्षेत्रों में शून्य से नीचे पहुंचा तापमान
प्रदेश में इन दिनों दिन के समय धूप खिलने से मौसम सुहावना बना हुआ है, लेकिन रात के तापमान में लगातार गिरावट दर्ज की जा रही है। जनजातीय क्षेत्रों में ठंड का असर बढ़ने लगा है और कई स्थानों पर न्यूनतम तापमान शून्य के आसपास या इससे नीचे पहुंच गया है।
शनिवार को प्रदेश के औसत न्यूनतम तापमान में 0.2 डिग्री सेल्सियस की गिरावट दर्ज की गई। सबसे कम तापमान कुकुमसेरी में माइनस 2.5 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। केलांग और ताबो में न्यूनतम तापमान 0.1 डिग्री सेल्सियस रहा।
शिमला में 10, मनाली में 5.7 डिग्री तापमान
प्रदेश के अन्य प्रमुख स्थानों में कल्पा में 3.6, मनाली में 5.7, सेओबाग में 6.0, बजौरा में 6.5 और भुंतर में 7.1 डिग्री सेल्सियस न्यूनतम तापमान दर्ज किया गया।
इसी तरह सोलन में 7.8, सुंदरनगर में 8.7, कुफरी में 8.8, चंबा में 9.4, पालमपुर में 9.5, बरठीं में 9.6 और मंडी में 9.9 डिग्री सेल्सियस तापमान रहा। राजधानी शिमला में न्यूनतम तापमान 10 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।
वहीं, भरमौर और बिलासपुर में 11, कांगड़ा में 11.6, धर्मशाला में 12.2, नाहन में 12.9, जुब्बड़हट्टी में 13.1 और ऊना में 13.6 डिग्री सेल्सियस तापमान रिकॉर्ड किया गया। देहरा गोपीपुर में 14, नेरी में 15.5, सराहन में 16.4 और पांवटा साहिब में न्यूनतम तापमान 18 डिग्री सेल्सियस रहा।
पश्चिमी विक्षोभ के सक्रिय होने से प्रदेश के ऊंचाई वाले क्षेत्रों में तापमान में और गिरावट आने की संभावना है। ऐसे में आने वाले दिनों में पहाड़ों पर सर्दी का असर और तेज हो सकता है।




